धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 29 जून। मंगलवार सुबह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में देश के सभी लोकसभा क्षेत्र से विस्तारक के रूप मे चयनित हजारों कार्यकर्ताओं की कार्यशाला में उन्हें संगठन का मंत्र देने तथा उनसे सीधे संवाद करने पहुँचे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बूथ के कार्यकर्ता के लिए सबसे महत्वपूर्ण कार्य है अपने बूथ अपने गाँव अथवा मोहल्ले के निवासियों की सेवा करना।
किसी का शासकीय कार्य में मदद करना, किसी के स्वास्थ्य समस्या में उसके काम आना, किसी को शिक्षा में सहायता देना, कहीं की कोई स्थानीय समस्या हो तो उसको संगठन के पदाधिकारियों या जनप्रतिनिधियों से मिलाकर उसके समाधान का प्रयास करना यही कार्यकर्ता का धर्म भी है और सबसे बड़ा चुनाव प्रचार भी।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच जब भी अपने कार्यों को लेकर जायें तो उसके सामने तुलनात्मक रूप से अपनी बात रखें जैसे कि पहले गैस का कनेक्शन लेने कितनी प्रक्रियाओं और सिफारिशों की जरूरत पड़ती थी अब यही काम सरकार आम जनता को मुफ्त मे घर पहुंचा कर दे रही। पहले नल कनेक्शन मिलना कितना मुश्किल था अब हर घर शुद्ध पेय जल पहुँच रहा है। अपना आवास कभी सपना हुआ करता था, सडक़ें तो होती ही नहीं थी, 30 प्रतिशत गांवों मे बिजली नहीं थी ये सब विषय जनता के बीच तुलनात्मक रूप से रखने की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीबी 22 प्रतिशत से घट कर 10 प्रतिशत के नीचे आ गयी है। विश्व में भारत पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गयी है। अमेरिका, आस्ट्रेलिया, जापान, रूस, तुर्की, न्यूजीलैंड जैसे देश हमारे प्रधानमंत्री को एक महान शासक के रूप में सम्मान देते हैं। इस कार्यक्रम को धमतरी जिले के सभी बूथों पर तथा सभी 12 मंडलों मे मंडल स्तर पर भी स्क्रीन लगाकर सुना गया।
आमदी मंडल में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कविन्द्र जैन ने बताया कि वास्तविक सह आभासी माध्यम से संपन्न हुआ यह देश का सबसे बड़ा संवाद कार्यक्रम था जिससे बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता सीधे जुड़े थे ।
छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक, नोडल अधिकारी नियुक्त
धमतरी, 29 जून। राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक 2023-24 आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में क्रियान्वयन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रों के लिए आयुक्त, नगरपालिक निगम धमतरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसी तरह कलेक्टर ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।


