धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 27 जून। कुरुद जनपद अंतर्गत तीन ग्राम पंचायतों में हो रहे आमचुनाव में मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार को गांव की सत्ता सौंपने बरसते पानी में वोट डालने मतदान केन्द्र तक पहुंच रहे हैं। पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश के बीच भी चर्रा,चरमुडिय़ा एवं नवागांव में सुबह 7 से 11 बजे तक 49 फीसदी से अधिक मतदान हो चुका है, वहीं दोपहर एक बजे तक 76 फीसदी मतदान हो चुका है।
ब्लॉक मुख्यालय कुरूद से दो किलोमीटर की दूरी पर तीनों दिशाओं में स्थित ग्राम पंचायतों में अगले पांच सालों के लिए सरपंच एवं पंचों का चुनाव हो रहा है। रिटर्निंग अधिकारी नीलकंठ जनबंधु की देखरेख में निष्पक्ष चुनाव कराने की सभी तैयारियां पहले ही कर ली गई है। इसके लिए शासकीय स्कूल चर्रा में 5, चरमुडिया में 4 एवं नवागांव में 2 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं नायब तहसीलदार चन्द्रकुमार साहू ने बताया कि अनवरत वर्षा के बावजूद तीनों पंचायतों में 11 बजे तक 49.60 फीसदी एवं 1 बजे तक 76 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
विधानसभा चुनाव के चंद महीने पहले हो रहे इन चुनावों में जनता का मूढ भांपने भाजपा कांग्रेस के नेता पूरा जोर लगा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो इस चुनाव में भी इसका जमकर इस्तेमाल किया गया है। जिससे कुछ जगह जीत का समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।
चर्रा प्रभारी मंडी अध्यक्ष नीलम चन्द्राकर, चरमुडिय़ा तपन चंद्राकर, नवागांव प्रभारी शारदा साहू, राजकुमारी दीवान, आशीष शर्मा आदि कांग्रेसी नेताओं ने तीनों पंचायतों में जीत का दावा करते हुए कहा कि कुरुद क्षेत्र में बदलाव की जो हवा चल रही है, वह विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव के बाद ही थमेगी।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष रविकांत चन्द्राकर, विधायक प्रतिनिधि कृष्णकांत साहू, तिलोकचंद जैन, कुलेश्वर चंद्राकर चैनसिंह साहू ने बताया कि इन चुनावों में टिकट के दावेदार सारे कांग्रेसी नेता जोर लगा रहे हैं, लेकिन कमीशनखोरी एवं अफसरशाही से परेशान जनता इन्हें सबक सिखाएगी। नवागांव में दोपहर 2 तक 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हो जाने के बाद दोनों दल के सरपंच प्रत्याशी टिकेश साहू, रमेश साहू ने भाजपा कांग्रेस के नेताओं के साथ सामूहिक फोटो खिंचवाई।
इस मौके पर जंप अध्यक्ष शारदा साहू, नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति तारिणी चन्द्राकर, सुमन साहू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वरी तारक, पार्षद मनीष साहू, डुमेश साहू, उत्तम साहू, राघवेन्द्र सोनी, योगेश साहू भाजपा नेता मालकराम साहू, कुलेश्वर चंद्राकर, गुड्डू साहू, चैनेश्वर साहू आदि उपस्थित थे। बताया गया है कि 3 बजे तक चलने वाले मतदान के बाद मतगणना का काम शुरू होगा। अधिकृत परिणामों की घोषणा 30 जून को कुरुद में की जाएगी।


