धमतरी

स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की हड़ताल 4 से
27-Jun-2023 4:08 PM
स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की हड़ताल 4 से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 27 जून।  अपनी विभिन्न मांगों को लेकर छतीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के 4 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। इसको लेकर कुरुद ब्लॉक के सभी नियमित व संविदा कर्मचारी अवकाश पर जाने हड़ताल फार्म जमा करा रहे हैं।

  कुरुद सिविल अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिर्री के  स्टाफ ने स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ब्लाक अध्यक्ष डॉ क्षितिज साहू, संगठन मंत्री डॉ. लोमेश कुर्रे के समक्ष फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, रेडियोग्राफर, एक्सरे टेक्नीशियन, स्टॉफ नर्स, लिपिक वर्ग, डेंटल असिस्टेंट, ओटी टेक्नीशियन, वार्डब्वॉय, आया, वाहन चालकों ने प्रस्तावित   हड़ताल का समर्थन करते हुए अवकाश पर जाने हेतु  हड़ताल फार्म जमा किया ।

ब्लॉक अध्यक्ष डॉ साहू ने बताया कि संचालक स्वास्थ्य सेवाएं के समक्ष अपनी मांगे रख निराकरण करने का निवेदन कई  बार कर चुके हैं। लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो संघ ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। उन्होंने अपनी मांगों की लंबी फेहरिस्त गिनाते हुए बताया कि सभी कैडर के वेतन विसंगति, जोखिम भत्ता केंद्र के समान, वर्तमान में कई जा रही भर्तियों को संविदा एवं अनियमित  कर्मचारियों का नियमतिकरण करने के बाद नियमित भर्ती किया जाए अथवा समान कार्य, समान वेतन,  समान भत्ता, सेवानिवृत्त की आयु 62 वर्ष की जाए, समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों को पुलिस विभाग की तरह साल में 13 माह का वेतन प्रदान करने, चार स्तरीय वेतनमान, एकल पद के तकनीकी पदों हेतु 4 स्तरीय पदोन्नति चैनल बनाने, डिप्लोमाधारी स्टॉफ नर्स को 3 वेतन वृद्धि एव डिग्रीधारी स्टॉफ नर्स को 4 वेतन वृद्धि का लाभ, स्टॉफ नर्स का पदनाम नर्सिंग ऑफिसर करने, ओपीडी समयावधि दो की जगह 1 पाली में करने, वाहन चालक का वेतन लेबल 4 से बढाकर 6 करने आदि शामिल हैं।

इस अवसर पर चित्ररेखा कुर्रे, नेमा मार्कण्डे, देवांगन सिस्टर, अन्नू सिन्हा, स्वाति वर्मा, प्रेमा चौधरी, राजकुमार साहू, मनोज देवांगन, ओपी सिन्हा, मनोहर देवांगन, उषा ध्रुव आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट