धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 21 जून। योग एक आध्यात्मिक प्रक्रिया है जहां शरीर, मन और आत्मा संयुक्त होतें हैं। योग के फायदे ही फायदे हैं, इससे कई बीमारियों का इलाज संभव है। योगासन शरीर, मन और आत्मा को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। शरीर और मन को शांत करने के लिए यह शारीरिक और मानसिक अनुशासन का संतुलन बनाए रखता है। योग तनाव और चिंता का प्रबंधन करने में भी सहायक है। 9 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी, गायत्री आयुष पॉली प्राकृतिक चिकित्सा क्लीनिक के पास हटकेशर, धमतरी में 21 जून को सुबह 7 बजे से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सिहावा विधायक श्रीमती लक्ष्मी ध्रुव होंगी।
मांसपेशियों के लचीलेपन में सुधार, शरीर के आसन और एलाइनमेंट को ठीक करता है, बेहतर पाचन तंत्र प्रदान करता है, अस्थमा, मधुमेह, दिल संबंधी समस्याओं का इलाज करने में मदद करता है। वहीं त्वचा के चमकने तथा शक्ति और सहनशक्ति को बढ़ावा देता है और एकाग्रता में सुधार, मन और विचार नियंत्रण में मदद करता है। साथ ही चिंता, तनाव और अवसाद पर काबू पाने के लिए मन को शांत रखता है। रक्त परिसंचरण और मांसपेशियों के विश्राम में मदद करता है तथा वजन घटाना, चोट से संरक्षण करता है।
योगाचार्य संतोषी निम्बाडकर जो धमतरी जिले में आयोजित होने वाले सामूहिक योग कार्यक्रम में प्रशिक्षक की भूमिका में रहेंगी, बताया कि वे 10 वर्ष से योग कर रही है और दूसरों को भी योग सिखा रहीं हैं। उन्होंने बताया की जिले के 5-6 स्थानों में सुबह योग कक्षाएं आयोजित हैं। जिसमें योग के विभिन्न मुद्राओं के बारे में बताया जाता है। इन कक्षाओं में आम लोग भी हिस्सा ले सकते हैं।


