धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 16 जून। नगर में हर कुछ घंटे में हो रही बिजली कटौती से परेशान हो रहे लोगों को थोड़ी राहत देने कारगिल चौक में खास प्रयोजन के लिए लगाए गए एक बड़े ट्रांसफार्मर को निकाल विद्युत विभाग ने चंडी मंदिर के पास शिफ्ट कर दिया है। जिससे कई दिनों बाद लोगों ने चैन से सोकर रात बिताई है।
गौरतलब है कि दमदार नेतृत्व की बदौलत नगर एवं क्षेत्रवासियों ने सालों पहले बिजली कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या से मुक्ति पा ली थी। लेकिन पिछले कुछ समय से यह समस्या फिर आने लगी, भीषण गर्मी में हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों के मन मस्तिष्क में अविभाजित मध्यप्रदेश के दौर की यादें ताजा कर दी। दिन हो या रात करीब रोज़ ही बत्ती गुल होने से नागरिक सरकार और विद्युत विभाग को कोसने लगे। समाज में उबलते गुस्से का अंदाजा विद्युत विभाग को भी था। इसलिए वे इसका हल निकालने का रास्ता ढूंढने लगे।
ज्ञात हो कि अजय चन्द्राकर के मंत्रीत्वकाल में खेल मेला मैदान में होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, सामाजिक कार्यक्रमों के लिए खड़े-खड़े लगावाए गए 200 केवीएम ट्रांसफार्मर को निकाल यहां फिलहाल 63 केवीएम का ट्रांसफार्मर लगाने का फैसला लिया गया। गुरुवार को कारगिल चौक से 200 केवीएम के ट्रांसफार्मर को क्रेन की मदद से निकाल चंडी मंदिर के पास लगाया गया। जिससे नगरवासियों को काफी राहत मिली है।
इस बारे में सहायक यंत्री एसके कोसरे ने बताया कि वर्तमान में हमारे पास स्टाक में अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर नहीं है, इसलिए खेल मैदान का ट्रांसफार्मर चंडी मंदिर के पास शिफ्ट किया गया है। नया स्टाक आने पर इतने ही क्षमता का ट्रांसफार्मर पुरानी जगह में लगा दिया जाएगा।


