धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 जून। केन्द्र में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने की खुशी में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में आए सैकड़ों लोगों को वक्ताओं ने पहले केंद्र सरकार की सेवा, सुशासन और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, फिर भगवा गमछा, श्रीफल और नाश्ता पैकेट भेंटकर लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान के तहत गुरुवार को पुराने मंडी परिसर कुरुद में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में महाजनसंपर्क अभियान लोकसभा प्रभारी अजय चन्द्राकर ने अपने चिरपरिचित अंदाज में प्रदेश सरकार पर तगड़ा हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के भोलेभाले लोगों को गिल्ली डंडा, भौंरा बांटी जैसे खेल और गोबर बीनने, गौमूत्र इक_ा करने में लगा कर कांग्रेसी स्वयं लेव्ही वसूलने में व्यस्त हंै।
कोल वाशरी एवं रेत जैसी खनिज संपदा को लूटने बाहर से बुलाकर माफिया को लगाया गया है। कायदे कानून को ताक में रख नदियों में चौबीसों घंटे हो रहे रेत खुदाई का विरोध करने वाले स्थानीय लोगों को माफिया द्वारा वाहन में रेत (कुचल) देने की धमकी दी जा रही है।
पूर्व मंत्री श्री चंद्राकर ने बताया कि साढ़े चार साल में कांग्रेस ने राज्य को 1 लाख 30 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डूबो दिया है, बदले में यहां के लोगों को घर-घर शराब और गोली-गांजा की सेवा उपलब्ध कराई गई है। कुरुद विधायक अजय चन्द्राकर ने 80 करोड़ आबादी को मुफ्त अनाज, प्रधानमंत्री आवास, एवं स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विश्व में भारत का मान बढ़ाने वाले मोदी सरकार को केन्द्र में और प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया।
महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश भर में सडक़ों का जाल बिछाया जा रहा है। भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बनने वाली विशाखापट्टनम सडक़ इस क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित करेगी। मंच संचालन प्रभात बैस एवं आभार प्रदर्शन संयोजक भानु चंद्राकर ने किया।
इस मौके पर भाजपा नेता निरंजन सिन्हा, मालकराम साहू, ज्योति चन्द्राकर, श्याम साहू, कुलेश्वर चंद्राकर, तिलोकचंद जैन, गौकरण साहू, झागेश्वर ध्रुव, भीमदेव साहू, कृष्णकांत साहू, भूपेंद्र सिन्हा, सुनील चन्द्राकर, पुष्पेन्द्र साहु आदि उपस्थित थे।


