धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 15 जून। भरदा में सरकारी भूमि से मुरुम का अवैध खुदाई का मामला सामने आया है।
कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कुहकुहा के आश्रित ग्राम भरदा में विगत दिनों से मुरुम खुदाई की जा रही है। बताया गया है कि कुछ गांव वालों के कहने पर पंचायत ने ठेकेदार को मिट्टी निकालने की अनुमति दी थी, लेकिन मिट्टी की आड़ में जेसीबी मशीन से रात दिन मुरुम निकालने का काम चल रहा है।
दाऊ लेखराज चन्द्राकर, लीलाधर ध्रुव, देवलाल, ढालुराम, राजू, लेखनरायण साहू, विपिन चन्द्राकर, सुरेश ध्रुव आदि ग्रामीणों ने बताया कि किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा गौठान की ओर मुरुम खुदाई की जा रही है। जिसमें 30-40 फीट गहरी खुदाई कर गांव की समतल भूमि को मौत का कुआं बना दिया गया है, जिससे बरसात के दिनों में मवेशी और इंसानों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि रात भर मशीन चलने की आवाज एवं गाडिय़ों की आवाजाही से उनका चैन से सोना दुश्वार हो गया है।
इस संबंध में कुरुद तहसीलदार नीलकंठ जनबंधु का कहना है कि उन तक भरदा में अवैध उत्खनन की शिकायत नहीं पहुंची थी, लेकिन अब वे राजस्व अधिकारियों को मौके पर भेज जांच करा कार्रवाई करेंगे।


