धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 15 जून। नगर व क्षेत्र मे पड़ रही भीषण गर्मी के बीच हो रही अघोषित विद्युत कटौती के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष अनुराग चंद्राकर के नेतृत्व में जिम्मेदार अधिकारियों को सीएम भूपेश बघेल के लिए एक पत्र और हाथ से चलने वाला पंखा भेंट किया गया।
गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी के दफ्तर पहुंच एसडीएम की अनुपस्थिति में नयाब तहसीलदार श्री साहू को एवं विद्युत विभाग में वरिष्ठ अधिकारी श्री कोसरे को भाजयुमो ने मुख्यमंत्री के लिए पत्र और हाथ पंखा सौंपा।
इस मौके पर अध्यक्ष श्री चंद्राकार कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार चुनाव पूर्व किये गये वायदे पूरे करने में विफल सिद्ध हुई है। अपने घोषणा पत्र में बिजली बिल हाफ का वादा किया था लेकिन लेकिन सत्ता में आने के बाद भूपेश बघेल सरकार बिजली सप्लाई हाफ कर दी है। अंधाधुंध बिजली कटौती ने इस जानलेवा गर्मी में लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है।
उन्होंने चेताया कि जल्द ही विद्युत आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भाजयुमो द्वारा सरकार को जगाने के लिए उग्र प्रदर्शन किया जायेगा। भाजयुमो नेताओं की बात सुनने के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी ने जल्द समस्या सुलझाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर लक्ष्मीकांत साहु, भूपेन्द्र चंद्राकार,मुकेश अग्रवाल, पारस निर्मलकर,अनुशासन आमदे, सौरभ सेन, रवि चंद्राकार,सुनील निर्मलकर, खिरीराज साहु,देवनेंद्र देवांगन आदि मौजूद थे ।


