धमतरी

गौठान में भ्रष्टाचार करने वालों को मिले सजा-भाजपा
26-May-2023 2:56 PM
गौठान में भ्रष्टाचार करने वालों  को मिले सजा-भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 26 मई। भाजपा द्वारा चलाए गए चलबो गौठान खोलबो पोल अभियान के विधानसभा संयोजक भानु चंद्राकर ने प्रेस वार्ता लेकर गौठान के नाम पर केन्द्र सरकार की राशि का दुरूपयोग करने वाली सभी निकाय एवं ग्राम पंचायतों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

गुरुवार शाम भाजपा कार्यालय कुरुद में आयोजित प्रेस वार्ता में कुरुद विधानसभा संयोजक एवं नेता प्रतिपक्ष भानु चंद्राकर ने पत्रकारों को बताया कि चलबो गौठान खोलबो पोल अभियान के तहत पार्टी ने विधानसभा के सभी चारों मंडल में तीन दिन अभियान चला कर 73 पंचायतों में बने गौठानों की हकीकत देखी है, जिसमें कुरुद भाजपा मंडल की 20, मेघा 17, भखारा 15 एवं सिर्री मंडल के 21 गौठान शामिल हैं।

 उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि सरपंच सचिव पर दबाव डालकर केन्द्र सरकार की राशि का दुरुपयोग कर गौठान बनवाया गया। जिसमें जमकर भ्रष्टाचार किया गया, आज भी गौठान समिति से जुड़े कांग्रेसी चारा-पानी का पैसा हजम कर रहे हैं। भाजपा नेता ने नगर पंचायत एवं पंचायतों में निर्मित गौठान की जांच करा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि राजधानी से आकर विधायक ने तीन दिनों में नौ गांव का दौरा किया, फिर रायपुर लौट गए हैं। इस मौके पर कुरुद मंडल अध्यक्ष कुलेश्वर चंद्राकर ने ग्राम थुहा,अटंग आदि पंचायतों में गौठान निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की तस्वीर दिखाते हुए बताया कि अटंग में पानी भरने के टांके में बड़ी-बड़ी दरार साफ दिख रही है, थुहा में महिलाएं सिर में मटकी से तालाब का पानी लाकर केंचुआ पाल रही हैं।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष  गौकरण साहू का कहना था कि पशु आश्रय स्थल के नाम पर तैयार गौठान से पशुओं को कोई लाभ नहीं मिल रहा, पंचायत फंड की राशि इसमें झोंक देने से गांव का संतुलित विकास नहीं हो पा रहा है।

इस अवसर पर तिलोकचंद जैन, कृष्णकांत साहू, मालकराम, रामस्वरुप साहू, आदर्श चंद्राकर, पुष्पेंद्र साहू, आनंद यदू, कमलेश चंद्राकर, प्रवीण चंदेल आदि मौजूद थे।।


अन्य पोस्ट