धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 27 अप्रैल। कुरुद विधानसभा के लोगों से भेंट मुलाकात करने आ रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस दौरे से कांग्रेसी नेताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। चुनावी साल होने की वजह से क्षेत्रिय नेता अपने क्षेत्र के विकास कार्यों की फेहरिस्त सौंपने की तैयारी में हैं।
ज्ञात हो कि विगत तीन चार महीनों से सीएम के आने की अटकलें लगाई जा रही थी, लेकिन किसी ना किसी बहाने से कुरुद विधानसभा में उनका आगमन नहीं हो पाया था। अब फायनल हो गया है कि मुख्यमंत्री 28 अप्रैल को भखारा बेल्ट के ग्राम हंचलपुर में गोबर से पेंट बनाने की परियोजना का शुभारंभ कर सेमरा में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद ही उनका काफिला कुरूद पहुंचेगा। यहां वे लोगों से भेंट मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन के अलावा सत्तापक्ष के नेता भी तैयारियों में जुटे हैं।
इस बारे में नपं भखारा के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भरत नाहर ने बताया कि छत्तीसगढ़ का नाम भारत के मानचित्र में प्रमुखता से स्थापित करने वाले सीएम का हमारे क्षेत्र में स्वागत अभिनन्दन है। भूपेश सरकार की नीतियों के चलते आज छत्तीसगढ़ का किसान मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी सभी खुश हंै। मंै कुरूद विधानसभा के किसानों के तरफ 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी करने के फैसले के लिए श्री बघेल का धन्यवाद ज्ञापित करता हूं।
श्री नाहर ने कहा कि मुख्यमंत्री से भेंट मुलाकात कर भखारा में अंग्रेजी माध्यम आत्मानंद स्कूल, उप पंजीयन कार्यालय, सिविल अस्पताल, हायर सेकेण्डरी स्कूल में आटोडोरियम, साहू भवन में शेड निर्माण, कुरमातराई कोर्रा सिलाटी मार्ग चौडीकरण, भखारा से बोरझरा मार्ग, कोर्रा,सिर्री, बड़े करेली में महाविद्यालय, देवरी ,कुर्रा ,बंजारी मार्ग चौडीकरण, सेमरा मे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, कल्ले अवंरी से सेमरा मार्ग तक नहर निर्माण, भठेली में सीसी लाइनिंग, कोर्रा में जिला सहकारी शाखा भवन, कुरूद मे कन्या व विधि महाविद्यालय की मांग रख क्षेत्रिय लोगों की भावना से अवगत करा उक्त मांगों को पूरा करने का निवेदन किया जाएगा।
मुझे उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जन अपेक्षा का सम्मान करते हुए हमारी मांगो को पूरा करेंगे।


