धमतरी

बोर्ड का परीक्षा परिणाम 16 मई तक जारी होने की संभावना, शिक्षक जुटे मूल्यांकन में
10-Apr-2023 3:14 PM
बोर्ड का परीक्षा परिणाम 16 मई तक जारी होने की संभावना, शिक्षक जुटे मूल्यांकन में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 10 अप्रैल। बोर्ड कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 17 अप्रैल तक किया जाना है। इसके लिए जिला शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। उधर परीक्षा की समाप्ति के बाद छात्र-छात्राओं को रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है। मूल्यांकन कार्य में तेजी आने के साथ ही उनकी दिल की धडक़नें तेज हो गई है।

धमतरी जिले में 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए इस साल 84 परीक्षा केन्द्र बनाया गया था। 10वीं की परीक्षा 2 मार्च से शुरू हुई, जो कि 31 मार्च तक चला। इसी तरह हायर सेकेंडरी स्कूल की परीक्षा 2 मार्च से शुरू होकर 31 मार्च तक चली। परीक्षा समाप्ति के बाद स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन के लिए अलग-अलग केन्द्रों में भेजा गया है।

धमतरी जिले में डॉ शोभाराम देवांगन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का मूल्यांकन केन्द्र बनाया गया है। सूत्रों की मानें तो यहां 12 कमरों में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए औसतन करीब 150 से अधिक परिवीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।

बताया गया है कि 10वीं और 12वीं को मिलाकर प्रथम चरण में मूल्यांकन के लिए 86 हजार 375 उत्तर पुस्तिकाए मिली थी, जिसमें से 67 हजार 238 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो गया है। द्वितीय चरण में पहले दिन 1549 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ है। 17 अप्रैल तक सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर इसकी जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग को भेज दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट