धमतरी

बैंक का शटर तोडक़र चोरी की कोशिश, जांच शुरू
08-Apr-2023 3:09 PM
बैंक का शटर तोडक़र चोरी  की कोशिश, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी,  8 अप्रैल। तरसींवा के ग्रामीण बैंक का शटर तोडक़र चोरी का प्रयास किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

अर्जुनी थाना अंतर्गत ग्राम तरसींवा में ग्रामीण बैंक की शाखा संचालित है। इस बैंक के मुख्य दरवाजा में शटर लगा हुआ है। गुरुवार की रात करीब 10 से लेकर 2 बजे के मध्य अज्ञात चोर शटर तोडक़र अंदर प्रवेश किया। चोर ने बैंक का लॉकर को तोडऩे की बहुत की, लेकिन इसमें सफल नहीं हुए। चोर की यह हरकत सीसीटीवी कैमरा फुटेज में भी कैद हो गई।

शुक्रवार को सुबह जब बैंक का शटर टूटा हुआ दिखा, तब इसकी सूचना अर्जुनी पुलिस को दी गई। पश्चात टीआई गगन वाजपेयी, साइबर सेल प्रभारी नरेश बंजारे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और अपनी जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाले गये।

पूछताछ में बैंक के मैनेजर ने बताया कि लॉकर में 49 हजार रुपए रखा था, जो सुरक्षित हैं। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरा के फुटेज में कैद व्यक्ति की पहचान की कोशिश की जा रही है। गांव में कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई। आसपास मुखबिरों का जाल बिछा दिया गया है।

तरसींवा में ग्रामीण बैंक में चोरी का प्रयास होते ही पुलिस ने धमतरी शहर समेत जिलेभर के बैंकों को अलर्ट किया है।

 बैंक अधिकारियों से साफ तौर पर कहा गया है कि बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की आवश्यक देखरेख और मरम्मत कराते रहे। रात के समय में चौकीदार की भी व्यवस्था रखे और आपात स्थितियों में तत्काल पुलिस को खबर करें।


अन्य पोस्ट