धमतरी

हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली शोभायात्रा
07-Apr-2023 3:04 PM
हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 7 अप्रैल।
गुरूवार को श्रीराम भक्त हनुमान जी की जयंती धूमधाम के साथ मनाई है। जन्मोत्सव को लेकर सुबह से रात तक सभी हनुमान मंदिरों में पूजा अनुष्ठान का कार्यक्रम होते रहा। शहर में शाम को श्री महावीर अखाड़ा और श्री नरसिंहनाथ अखाड़ा द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के पूर्व मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान पूर्वक हनुमान जी का अभिषेक, पूजा, महा आरती और चालीसा का पाठ हुआ। पश्चात ट्रैक्टर की ट्रॅाली में भगवान राम और भगवान हनुमान की प्रतिमा को रखकर शहर में शोभायात्रा निकाली गई।

जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर
शोभायात्रा में भक्तों द्वारा जय जय श्रीराम का जयघोष करते रहे नाचते गाते चल रहे थे। डीजे और धुमाल के बीच भक्तगण का जोष देखते ही बन रहा था। रास्ते भर अखाड़ा के सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रकार के अखाडा करतब दिखाते रहे। शोभायात्रा में विशेष बात महिलाओं और युवतियों द्वारा नेतृत्व किया जाना रहा। भगवा रंग की पगडी बांधे व हाथों में तलवार लिए चल रही महिलाएं किसी वीरांगना की तरह प्रतीत हो रही थी।

शहर के विभिन्न मार्गों से निकली शोभायात्रा
यह शोभायात्रा नगर के महावीर अखाड़ा से निकली। जो पंजवानी चौक, लाल चौक, कृषि उपज मंडी के पास, गंज रोड होते काली मंदिर के पास पहुंची। जहां श्रीनरसिंहनाथ अखाड़ा के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। यहां इनका काफिला बस स्टैण्ड, सुभाष चौक, कुम्हार पारा, चांदनी चौक, इंदिरा मार्केट, नेहरू गार्डन वापिस महावीर अखाड़ा और नरसिंहनाथ अखाड़ा पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा लगभग आधा किलोमीटर लंबा था।

जगह-जगह  स्वागत
शोभायात्रा का रास्ते भर समाज के विभिन्न वर्गो व युवाओं ने स्वागत किया। जगह-जगह हलवा, खीर पुड़ी, पेय पादर्थ आदि वितरण किया गया। शोभायात्रा में पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, अपेक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज, पालिकाध्यक्ष धनराज मध्यानी, नपा के पूर्व अध्यक्ष विजय गोयल, भाजपा शिक्षा प्रकोष्ठ जिला संयोजक थानूराम वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रसन्न शर्मा, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष युधिष्टिर चंद्राकर, पार्षद योगेन्द्र कंसारी, परदेशी राम साहू, मुकुंद मेश्राम, नागेन्द्र वर्मा, भाजयुमो नेता किशोर देवांगन, भूपेन्द्र सोनी, सौरभ शर्मा, रामा यादव, सौरभ जैन, गोविंदा, राजू रजक, मुकेश निषाद, धनमती साहू, सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता शामिल हुए। शोभायात्रा को देखते हुए नवापारा टीआई सत्येन्द्र सिंह श्याम के नेतृत्व में नवापारा पुलिस बल के अलावा अतिरिक्त बल मोर्चा संभाले हुए थे, जिसके कारण शांतिपूर्ण तरीके से यह शोभायात्रा संपन्न हुआ।


अन्य पोस्ट