धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 5 अप्रैल। अधिवक्ता संघ कुरुद में नवीन कार्यकारिणी चयन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। 75 नियमित सदस्यों वाली इस संस्था में 12 अप्रैल को अगले दो साल के लिए नये पदाधिकारियों का चुनाव मतदान के जरिये किया जाएगा।
अधिवक्ता संघ की गत दिनों हुई बैठक में चुनाव के माध्यम से नवीन कार्यकारिणी चयन का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके लिए सर्वसम्मति से वरिष्ठ अधिवक्ता बीडी साहू को चुनाव अधिकारी के तौर पर चुनाव संचालन का कार्यभार सौंपा गया। उनके द्वारा संघ की कार्यकारिणी में चुने जाने वाले पद तथा उक्त पद के लिए योग्यताओं का विवरण देकर 16 मार्च को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था।
अधिवक्ता संघ कुरुद की कार्यकारिणी के लिए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष-एक पुरुष तथा एक महिला, सचिव सहसचिव, कोषाध्यक्ष के सांथ सांस्कृतिक तथा क्रीडा सचिव पद के लिए चुनाव होना है। इसके साथ ही 6 पद कार्यकारिणी सदस्य हेतु रखा गया है, जिसमें अधिवक्ता अपनी किस्मत आजमा सकते हैं।
25 मार्च को बकाया सदस्यता शुल्क तथा अन्य देयकों को पूर्ण करने के आखिरी दिन बीत जाने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। सदस्यता शुल्क जमा करने के अंतिम दिन चुनाव लडने के उत्सूक अधिवक्ताओं मे विशेष उत्साह नजर आया, और सभी अपने-अपने परिचितों के लिए उनके देयकों का निराकरण कराते दिखे।
चुनाव अधिकारी बीडी साहू से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अब तक अध्यक्ष पद पर चुनाव लडऩे मुकेश साहू तथा रमेश पाण्डे ने नामांकन फार्म लिया है। उपाध्यक्ष हेतु नरेश डिंगरे, सचिव पद के लिए मोहेन्द्र चन्द्राकर, कोषाध्यक्ष- यशवंत साहू, सांस्कृतिक सचिव-हेमंत निर्मलकर, सहसचिव हेतु श्याम शंकर चन्द्राकर ने नामांकन फार्म प्राप्त किया है। नामांकन जमा होने व उसकी जांच- छंटनी तथा नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 अप्रैल को मतदान के जरिए नये पदाधिकारियों का चुनाव होगा।


