धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 2 अप्रैल। नगर पंचायत परिषद् कुरूद के साधारण सम्मिलन में अध्यक्ष तपन चंद्राकर ने वर्ष 2023-24 का बजट पेश किया। जिसमें अनुमानित आय 4393.85 लाख एवं अनुमानित व्यय 4386.93 लाख इस प्रकार 6.92 लाख के लाभ का बजट कुछ पार्षदों की अनुपस्थिति और कुछ की आपत्तियों के बीच पारित हो गया।
वित्तिय वर्ष के अंतिम दिन नगर सरकार के एक दिवसीय बजट सत्र में सतापक्ष एवं विपक्षी पार्षदों ने ठेकेदारों की कार्यशैली एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन भत्ते के बढ़ते बोझ का मुद्दा उठाया।
कुछ पार्षदों ने शासकीय धन से अजय फाउंडेशन की बाउंड्री वॉल बनवाने का मुद्दा उठाया। कुछ ने वार्डों में प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी मांगी। बजट में मुख्य रूप से नगर के विभिन्न सडक़, नाली, एवं अन्य विकास व निर्माण कार्य हेतु लगभग 39 करोड़ रूपये प्रस्तावित किये गये हैं।
बैठक में वेतन भत्ते के बढ़ते बोझ को कम करने, विभिन्न स्थानों में मूर्ति स्थापना के पूर्व समिति से राय लेने, वाहन कल्याण समिति को कार्यालय हेतु भूमि आवंटन को लेकर विचार विमर्श किया गया।
नपं अध्यक्ष तपन चन्द्राकर ने खेल मेला मैदान में टर्फ विकेट एवं अटल स्टेडियम में नया बैडमिंटन कोर्ट बनवाने की घोषणा की।
बैठक में उपाध्यक्ष मंजू प्रमोद साहू, सभापति मनीष साहू, डूमेश साहू, चुम्मन दीवान, पार्षद राखी चन्द्राकर, सुचिता अग्रवाल, भानु चंद्राकर, सीएमओ दीपक खाडे, उपअभियंता भोजराज सिन्हा,पार्षद, एल्डरमैन, सांसद व विधायक प्रतिनिधि,अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।।


