धमतरी

पार्षद चुनाव में भाई को वोट नहीं दिया तो बोतल से किया हमला, 5 साल की सजा
13-Mar-2023 2:43 PM
पार्षद चुनाव में भाई को वोट नहीं दिया तो बोतल से किया हमला, 5 साल की सजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 13 मार्च।
नगर पंचायत मगरलोड में पार्षद चुनाव में अपने भाई को वोट नहीं देने की बात को लेकर एक मतदाता पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी अनिल कुमार कोसेल को न्यायालय ने 5 साल कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह मामला जिले के मगरलोड का है।
न्यायालयीन सूत्रों के मुताबिक ढाई साल पहले 7 जून 2020 को मगरलोड में पवन कुमार कोसले कबाड़ी दुकान के पास खड़ा था, तभी सुबह साढ़े 10 बजे अनिल कोसले (32) पिता मेहतर वहां पहुंचा और पार्षद चुनाव में अपने बड़े भाई को वोट नहीं देने से हार जाने की बात पर गाली-गलौज करने लगा। पास में ही खड़े पवन कोसले ने उन्हें गाली-गलौच करने से मना किया, तभी पुरानी रंजिश के चलते वह उस पर आग बबूला हो गया। इसके बाद कबाड़ी दुकान में रखा शराब की खाली शीशी से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कांच की शीशी की वार से पवन के सिर में गंभीर रूप से चोटें आई। गाल और जबड़ा में भी चोटे लगी। लहूलुहान हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। 

रिपोर्ट पर मगरलोड पुलिस ने आरोपी अनिल कोसले के खिलाफ धारा 294, 506 और 307 के तहत जुर्म दर्ज किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया। मामले की विवेचना के बाद पुलिस ने केस डायरी न्यायालय में पेश किया। जहां उसकी सुनवाई अपर सत्र न्यायालय कुरूद में हुई। न्यायाधीश विजय कुमार साहू ने आरोपी अनिल कोसले को दोषी करार देकर सजा सुनाई।

 


अन्य पोस्ट