धमतरी

जनपद में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनने 10 को सम्मेलन
25-Feb-2023 2:24 PM
जनपद में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष  चुनने 10 को सम्मेलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 25 फरवरी।
जनपद पंचायत में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव 10 मार्च को होगा। इसके लिए सम्मेलन बुलाया गया है। साथ यहां कांग्रेस-भाजपा की राजनीति में भी गरमाहट बढ़ गई है। दोनों ही दल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी हथियाने जुगत में लग गए हैं।

ज्ञात हो कि बीते 10 फरवरी को 23 जनपद सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाकर जनपद अध्यक्ष गूंजा साहू और उपाध्यक्ष अवनेन्द्र साहू को पद से हटा दिया था। जनपद पंचायत में भाजपा के 13 और कांग्रेस के 12 सदस्य है। इनमें से 23 सदस्य एकजुट होकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। प्रदेश में कांग्रेस का सत्ता रहने के बावजूद जनपद में कांग्रेस के अध्यक्ष को हटाने की घटना को पार्टी संगठन ने काफी गंभीरता से लिया हैं। पहले पार्टी व्हीप का पालन नहीं करने तथा अब दोबारा जनपद में अध्यक्ष बनाने को लेकर संगठन के नेता गुना भाग में लगे हैं। 

पार्टी सूत्रों का कहना है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पद कांग्रेस के पास आएगा। भाजपा नेता भी नहीं चाहते कि जनपद में बहुमत के रहते कांग्रेस का अध्यक्ष बने। दोनों ही पद भाजपा के पास रहे, इसके लिए अभी से कांग्रेस के राजीव भवन तथा भाजपा अपने कार्यालय में रणनीति बना रही है।
 

इन पर सबकी नजर
जनपद पंचायत में नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए दोनों ही पार्टियों से जो नाम उभरकर सामने आया है, उसमें कांग्रेस की ओर अध्यक्ष के लिए मनीषा साहू, सरिता यादव, अनुपमा साहू, वर्षा साहू तथा उपाध्यक्ष के लिए बृजेश जगताप का नाम सामने आया है। भाजपा में अध्यक्ष के लिए जागेश्वरी साहू, पूर्णिमा बनपेला तथा उपाध्यक्ष के लिए राजू चंद्राकर और जागेन्द्र साहू का नाम है।

 


अन्य पोस्ट