धमतरी
धमतरी, 22 फरवरी। गाड़ी की किश्त पटाकर गांव लौट रहे एक युवक आवारा मवेशी से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। एक अन्य घटना में मानसिक रूप से परेशान युवक ने एसिड पीकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार अर्जुनी थाना के ग्राम भोयना निवासी अशोक ध्रुव (31) पिता सोमनाथ एक स्कूटी बाइक फाइनेंस कराया हैं। सोमवार को दोपहर वह इसकी किश्त जमा करने के लिए धमतरी आया था। किश्त की राशि जमा करने के बाद शाम करीब 5 बजे वापस घर लौट रहा था, तभी गांव में वह मवेशी से टकरा गया। इससे उसे गंभीर रूप से चोटें आई। राहगीरों की मदद से तत्काल उसे धमतरी लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात साढ़े 11 बजे उसकी मौत हो गई। एक अन्य घटना में मानसिक रूप से परेशानी इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि ग्राम मगरलोड थाना के मोतिमपुर निवासी चोवाराम साहू (34) की मानसिक रूप से परेशान रहता था।
महीने भर से इलाज भी कराया, लेकिन फायदा नहीं होने पर सोमवार की रात उसने एसिड पी लिया। परिजनों को जब इसका पता चला तो तत्काल उसे लेकर मगरलोड अस्पताल पहुंचे। यहां उसकी गंभीर हालत को देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में पंचनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।


