धमतरी

28 स्कूली बसों की जांच में 18 में मिली कैमरा- अग्निशमन यंत्र खराब
20-Feb-2023 4:01 PM
28 स्कूली बसों की जांच में 18 में मिली कैमरा- अग्निशमन यंत्र खराब

आरटीओ ने 38 हजार वसूला जुर्माना

छत्तीसगढ़ संवाददाता
धमतरी, 20 फरवरी। 
आरटीओ द्वारा रविवार को दोबारा 28 स्कूली बसों की जांच की। इस जांच में 18 बसों में अग्निशमन यंत्र व कैमरे खराब मिली। नियम अनुसार 38 हजार का जुर्माना वसूला गया। साथ ही एक हफ्ते के अंदर खामियों को सुधारने अल्टीमेटम दिया है।

शहर में अधिकांश निजी स्कूलों में बसों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को घर से स्कूल और स्कूल से घर तक लाया-ले जाया जाता है। अधिकांश स्कूल प्रबंधन द्वारा बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। पालकों द्वारा लगातार इसकी शिकायत मिलने के बाद रविवार को आरटीओ, ट्रैफिक पुलिस ने स्कूल बसों में जीपीएस सिस्टम, सीसी टीवी कैमरा, फर्स्ट-एड-बाक्स, सीज सिलेंडर, इमरजेंसी खिडक़ी समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की। 18 बसों में सुप्रीम कोर्ट के मानकों का उल्लंघन पाया गया।

ड्राइवर-कंडक्टरों के आंखों की जांच हुई

बसों की जांच के दौरान ड्राइवरों और कंडक्टरों की सेहत भी जांची गई। डॉक्टरों ने दवाइयां देकर चश्मे लगाने के लिए भी कहा। हफ्तेभर पहले आरटीओ ने विशेष अभियान चलाया जाकर चालानी कार्रवाई की। जिसमें 10 यात्री बसों में किराया सूची, अग्निशमन नहीं होने पर 10600 रुपए, 33 स्कूल बसों की जांच में 15 बसों में कैमरा, अग्निशमन, रखरखाव ठीक नहीं होने पर 27000 व 25 ऑटो रिक्शा में परमिट, फिटनेस, बीमा नहीं होने पर 1 लाख 9500 का समन शुल्क वसूले थे।


अन्य पोस्ट