धमतरी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
धमतरी, 20 फरवरी। मेला देखने राजिम जा रहे पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि 15 लोगों को चोटें आई है। घायलों को इलाज के लिए मगरलोड अस्पताल लाया गया।
पुलिस के अनुसार रविवार को सिहावा थाना के रानीगांव में पिकअप क्रमांक सीजी 05 एक्स-7898 में सवार होकर 20-21 लोग राजिम मेला देखने जा रहा था। सभी गांव के मजदूर हैं। पिकअप चालक वाहन को काफी स्पीड में चला रहा था। दोपहर 3 बजे आलेखुटा मोड़ के पास पहुंचा था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में वाहन के नीचे लोग दब गए। राहगीरों की मदद से किसी तरह लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी लोगों को मगरलोड अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चोवन कुंजाम पिता तुलसीराम को मृत घोषित कर दिया। जबकि मजदूर सचिन नाथ, तीजूराम निषाद, भावेश, संतराम, सुमित यादव, अभिषेक, धनंजय विश्वकर्मा, प्रवीण कुंजाम, योगेश साहू, माधव चौहान, प्रताप कुंजाम, ईशान साहू, पुष्पेंद्र ध्रुव, सूर्यकांत साहू को चोटें आई है। अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। प्रार्थी लोकेश कुमार मरकाम की रिपोर्ट पर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ धारा 279,337,304-ए के तहत जुर्म दर्ज किया है। पुलिस मामले को विवेचना में लिया है।


