धमतरी

होटल के रसोइए की कमरे में मिली जली हुई संदिग्ध लाश, एफएसएल टीम जांच में जुटी
20-Feb-2023 3:35 PM
होटल के रसोइए की कमरे में मिली जली हुई संदिग्ध लाश, एफएसएल टीम जांच में जुटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 फरवरी। 
शहर के बांबे गैरेज स्थित एक होटल में रसोइए की जली लाश मिली है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है, लेकिन मामले को संदिग्ध मानकर हत्या की एंगल से भी जांच कर रही। फॉरेंसिक टीम रायपुर की मदद ली गई। फोटोग्राफी भी कराई। लाश पूरी तरह जल चुकी थी, इसलिए पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार बाम्बे गैरेज स्थित होटल सिमोन में पलारी (बलौदाबाजार) के बिजराडीह निवासी राजू मनहरे (30) पिता संतराम बावर्ची का काम पिछले ढाई साल से कर रहा था। शनिवार की रात वह रोज की तरह काम निपटा कर होटल परिसर में बने कर्मचारी क्वार्टर में चला गया। रविवार को सुबह उसकी लाश जली अवस्था में मिली। होटल कर्मचारी ने इसकी सूचना संचालक और पुलिस को दी।

कुछ देर बाद मुख्यालय डीएसपी मोहसिन खान, टीआई प्रणाली वैद्य अन्य पुलिस जवानों के साथ पहुंचे। पुलिस ने घटना के समय में होटल के कर्मचारियों से पूछताछ की। पश्चात रायपुर से फॉरेंसिंग एक्सपर्ट की टीम को बुलाकर जांच-पड़ताल कराया। बहरहाल, पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है। पुलिस होटल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही हैं। सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी खंगाला जा रहा है।

बावर्ची राजू मनहरे की मौत जिस स्थिति में हुई है, उसे लेकर तरह-तरह की चर्चा है। कुछ लोग इसे आपसी रंजिश से भी जोड़ रहे हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर रही है। पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि घटनास्थल की बारीकी जांच की गई है। एक्सपर्ट की रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
 


अन्य पोस्ट