धमतरी
धमतरी, 17 फरवरी। देर-रात तक डीजे बजाने पर मनाही के बाद भी शहर में इसका पालन नहीं हो रहा। ऐसे ही एक मामले में पुलिस ने हरदिया साहू समाज भवन में डीजे को जब्त कर कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया कि दसवीं-बारहवीं बोर्ड परीक्षा को देखते हुए गत दिनों पुलिस ने डीजे संचालकों की बैठक लेकर उच्च न्यायालय की गाइड लाइन एवं कोलाहल अधिनियम की जानकारी देकर उन्हें नियमों का पालन करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी डीजे संचालक देर रात तक डीजे बजाकर छात्रों के साथ ही आम जनता की परेशानी बढ़ा रहे है।
बुधवार की रात पुलिस तक इसकी शिकायत पहुंची, जिसके बाद टीआई प्रणाली वैद्य ने कार्रवाई की। यहां हरदिहा साहू समाज भवन रत्नाबांधा में रात साढ़े 11 बजे तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इस पर डीजे सिस्टम को जब्त किया गया। संचालक के खिलाफ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।


