धमतरी

दो माह में बायपास निर्माण का काम पूरा करने की चुनौती
15-Feb-2023 3:44 PM
दो माह में बायपास निर्माण का  काम पूरा करने की चुनौती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 15 फरवरी।
बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं को देखते हुए बायपास सडक़ को हर हाल में अप्रैल तक काम पूरा कर खोलने की तैयारी है। कलेक्टर ने इसके लिए विभागीय अधिकारियों से बात कर काम में और तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। बाइपास में सिर्फ लोहरसी से बागतराई वाला पार्ट बनने से रह गया है, शेष काम पूरा हो गया है।

धमतरी जिले में कुल 50.709 किमी में फोरलेन सडक़ बनाया जा रहा है। इसमें 11.25 किमी धमतरी बायपास भी शामिल है। यह बाईपास सडक़ संबलपुर से होकर धमतरी शहर के बाहर से सीधे श्यामतराई मंडी के आगे निकलेगी। पैकेज-1 अंतर्गत धमतरी जिले में 11.9 किमी और पैकेज-2 में धमतरी जिले में सम्पूर्ण 38.809 किमी सडक़ आता है। फोरलेन का काम सांकरा के पास निर्माणाधीन है, जिसका काम जल्द पूरा हो जाने की बात कही जा रही है। 

विभागीय सूत्रों के अनुसार धमतरी सर्किल में सेनचुवा से संबलपुर तक 10.70 किमी की सीमा में चौड़ीकरण होना है। इसके अलावा हाईवे में संबलपुर से श्यामतराई तक 11 किमी बाईपास बन रहा है। इसके लिए ग्राम छाती, पुरी, लिमतरा, सांकरा, संबलपुर से लेकर बाईपास में श्यामतराई तक दर्जनभर गांवों में कुल 1009 किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई। इन्हें 145 करोड़ रुपए का अवार्ड भी पारित किया गया है। 

 


अन्य पोस्ट