धमतरी

शिक्षकों का वेतनविसंगति दूर करे भूपेश सरकार - दिनेश्वरी
15-Feb-2023 3:10 PM
शिक्षकों का वेतनविसंगति दूर करे भूपेश सरकार - दिनेश्वरी

धरना को समर्थन देने पहुँचे जनपद अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 15 फरवरी।
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन, नगरी ब्लाक द्वारा वेतन विसंगति की मांग को लेकर रावणभाठा नगरी में अनिश्चितकालीन हड़ताल में बैठे हैं। इनकी जायज मांग का समर्थन देने जनपद पंचायत नगरी की अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम,जनपद उपाध्यक्ष हुमित लिमजा, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष व सरपंच मुनईकेरा महेन्द्र नेताम समर्थन देने पहुंचे।

जनपद पंचायत अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम, उपाध्यक्ष हुमित लिमजा, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष व सरपंच मुनईकेरा महेन्द्र नेताम ने कहा कि शिक्षक पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार को तत्काल अपने वादे के मुताबिक शिक्षक संवर्ग के वेतन से संबंधित विसंगतियों दूर करना चाहिये । मालूम हो कि भूपेश बघेल ने चुनाव पूर्व शिक्षक संवर्ग के वेतन से संबंधित विसंगतियों दूर करने घोषणा की थी। सरपंच महेन्द्र नेताम ने आन्दोलनरत शिक्षकों को अपने अधिकार के लिए डटे रहने प्रेरित किया।

धरना स्थल पर जनपद अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम और सभी महिला शिक्षकों ने वादा निभाओ भूपेश सरकार, वेतन विसंगति दूर करो एवं अन्य नारे अपने हाथों पर मेहन्दी से लिखकर प्रदर्शन किया।
 इस दौरान फेडरेशन के अध्यक्ष एस बी मिर्जा, पीसी साहू, गजानंद सोन, ममता सुरेन्द्र प्रजापति, हुलास सूर्याकर, पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

 


अन्य पोस्ट