धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 14 फरवरी। आदिवासी ध्रुव गोड़ समाज मुड़ाक्षेत्र कुकरेल द्वारा एक दिवसीय वार्षिक अधिवेशन का कार्यक्रम कांटाकुर्रीडीह में रखा गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिहावा विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव ने शिरकत की।
विधायक डॉ.ध्रुव ने कहा कि आज जिंदगी भागदौड़ भरी हो गयी है, लोगों के पास खुद के लिए तक समय नहीं है। ऐसे में वार्षिक अधिवेशन हमारे समाज के लिए इस भाग-दौड़ की जिंदगी में मेल मिलाप करने के लिए किया जाने वाला महापर्व है। इस अधिवेशन में हमें व हमारे आने वाले युवाओं को समाज की गतिविधियों की जानकारी मिलती है।
समाज के रहन सहन का आदान-प्रदान होता है। युवा पीढ़ी को हमारी संस्कृति की विरासत सौंपने का एक अच्छा माध्यम अधिवेशन है। समाज को आगे ले जाने की कार्ययोजना के लिए अधिवेशन जरूरी है। आदिवासियों का इतिहास अनादिकाल से रहा है। इस देश के विकास में हमारे आदिवासी समाज का विशेष योगदान रहा है। निश्चित ही किसी भी समाज को आज आगे आने के लिए शिक्षित होना बहुत जरूरी है। शिक्षित समाज किसी भी क्षेत्र में समाज को गति व दिशा प्रदान कर सकता है। अत: में समाज के युवा साथियों से निवेदन करती हूं कि आप समाज को शिक्षा के साथ जोडक़र नई दिशा देने व नई ऊंचाइयों में ले जाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गजानंद मरकाम अध्यक्ष परिक्षेत्र कुकरेल ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में भोजबती ध्रुव सरपंच ग्राम पंचायत कुकरेल, हेमलाल नेताम सरपंच सियादेही, हेमपुष्पा मरकाम सरपंच ग्राम पंचायत माकरदोना, सत्यवन मरकाम सरपंच ग्राम पंचायत काटाकुर्रीडीही ,असवानी ठाकुर, असवानी राम नेताम ,सन्तु ओटी, गणेश राम ध्रुव, राजेंद्र नेताम, ओमकार सिंह नेताम,श्यामलाल नेताम सहित सामाजिक जनों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।


