धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 13 फरवरी। कांकेर में स्कूल वाहन के एक्सीडेंट व रायपुर में भी घटना होने के बाद जिले में स्कूली बसों की चेकिंग शुरू कर दी है। आरटीओ विभाग ने रविवार को शहर के सभी स्कूली बसों की जांच एकलव्य खेल मैदान में की। इस दौरान 10 बसों में खामियां पाई गई, जिस पर 11 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।
एकलव्य खेल मैदान में 28 स्कूली वाहनों की जांच की गई। आरटीओ अब्दुल मुजाहिद खान की मौजूदगी में यातायात पुलिस ने जांच की कार्रवाई शुरू की। जांच में बसों की हालत देखकर सुधरवाने व दोबारा जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। बस में कैमरा बंद मिला, तो किसी बस में कैमरे नहीं थे। अग्निशमन यंत्र बस से गायब मिले, रखरखाव सही होने, फिटनेस, बीमा, परमिट सब गायब मिले। प्रदूषण जांच भी नहीं कराए थे। फास्टेड बॉक्स में उपचार करने के समान ही नहीं थे। ऐसे 10 बसों पर आरटीओ ने 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया और दोबारा 19 फरवरी को चेक कराने के निर्देश दिए। दोबारा खामियां मिलने पर परमिट रद्द की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण
बसों की चेकिंग के दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर भी मौजूद थे। स्कूल वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, साथ ही आंखों की जांच भी की गई। सभी के ड्राइविंग लाइसेंस भी चेक किए गए। सभी के पास लाइसेंस मिला।
19 को फिर से होगी जांच आरटीओ अब्दुल मुजाहिद खान ने बताया कि रविवार को स्कूल वाहनों की जांच एकलव्य मैदान में की गई। 28 वाहनों की जांच हुई, जिसमें 10 बसों में खामियां मिली है। 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दोबारा इन बसों की जांच 19 फरवरी को होगी।


