धमतरी
जरूरतमंद परिवारों का आवास बनाने भूपेश सरकार संकल्पित जबकि केंद्र सरकार की नीयत में खोट- डॉ.लक्ष्मी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 13 फरवरी। सिहावा विधायक डॉ लक्ष्मी ध्रुव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास कांग्रेस के खिलाफ कोई मुद्दा ही नहीं है, इसलिए जनता को गुमराह करने भाजपा के द्वारा प्रदर्शन के नाम पर नौटंकी की जा रही है।
उन्होंने कहा, आज पूरे छत्तीसगढ़ के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मोर आवास मोर अधिकार के तहत विधायक निवास का घेराव किया गया, जो कि हास्यास्पद है। प्रधानमंत्री मोदी का स्वभाव है कि कांग्रेस के हर नीति को बदलना, इसी के तहत पहले इंदिरा आवास के नाम से जाना जाता था जो कि अब इसका नाम बदलकर प्रधानमंत्री आवास कर दिया गया।
सभी को इस बात से अवगत होना चाहिए कि पहले प्रधानमंत्री आवास के तहत केन्द्र से 90 प्रतिशत राशि एवं राज्य से 10 प्रतिशत राशि दिया जा रहा था, अब की स्थिति में केन्द्र से 60 प्रतिशत एवं राज्य के द्वारा 40 प्रतिशत राशि दिया जाता है। नाम पीएम आवास दिया गया जबकि 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार के द्वारा दी जा रही तो नाम सिर्फ पीएम आवास नही बल्कि पीएम-सीएम आवास कर देना चाहिये।
भाजपा के लोग बिना सत्ता के छटपटा रहे है। इसलिए जनता को दिगभ्रमित करते हुए पीएम आवास देने के लिए आवेदन ले रहे है एवं विधायक निवास का घेराव कर रहे है। भाजपा के पास अब कांग्रेस सरकार से लड़ाई करने का कोई मुद्दा नही बचा है। इसलिए जनता को गुमराह करने में उतर आए है। भाजपा अपने गिरेबान झांक कर देखें, अपने पूर्व कार्यकाल में जनता से जर्सी गाय देने का, रतन जोत से तेल देने का और प्रधानमंत्री ने अच्छा दिन लाने, कालाधन लाने, 2 करोड़ लोगों को रोजगार, लोगों के खाते में 15 लाख जमा करने का वादा किया था जिसे पूरा नही किया बल्कि बीमा के पैसे को लुट लिया। राज्य सरकार द्वारा नाम को परिवर्तन कर पीएमसीएम आवास करने की मांग किया गया तो केंद्र ने राशि देना बंद कर दिया था।
फिलहाल भाजपा के कार्यकर्ताओं को मालूम ही नही है कि सभी ब्लाकों में प्रधानमंत्री आवास का पैसा आ चुका है। जरूरतमंद लोगों को पहले दिया जायेगा ग्राम सभा में अनुमोदन करके सूची तैयार किया जाएगा। राज्य सरकार सभी जरूरतमंद परिवारों का आवास का सपना पूरा करने संकल्पित है और अपने हिस्से की राशि दे रही है जबकि इस मामले में केंद्र सरकार की नीयत में खोट है।


