धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 10 फरवरी। जिले में सिटी बसों के संचालन की जिम्मेदारी धमतरी जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी को सौंपी गई है। कलेक्टर ऋ तुराज रघुवंशी ने गुरूवार को सोसायटी के साधारण सभा की बैठक ली। जिसमें आयुक्त नगर निगम विनय पोयाम को जि़ले में उपलब्ध 4 बसों की मरम्मत कराने के लिए राशि की मांग राज्य शहरी विकास अभिकरण से करने एस्टिमेशन तैयार कर भेजने कहा है।
पूर्व में सिटी बसें रायपुर के अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट सोसाइटी द्वारा संचालित की जा रही थी। जि़ले को सिटी बस परियोजना के तहत स्वीकृत 10 में से 5 बस मिली थी। कोरोना काल से बसों का संचालन बंद है। फिलहाल अर्जुनी बस डिपो में 4 बसें खड़ीं हैं, जिसकी मरम्मत कराना जरूरी है। कलेक्टर ने सूडा से राशि मांग करने कहा है। जि़ले को मिली 5 में से 1 बस, ऑपरेटर साथ लेकर चला गया। इस पर कलेक्टर ने उसे वापस मंगाने की कार्रवाई करने कहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि बसों की मरम्मत के बाद, ऑपरेटर और रूट आदि तय किया जाएगा।
कलेक्टर को आरटीओ ने दी रूट की जानकारी
जिला परिवहन अधिकारी ने पूर्व में निर्धारित सिटी बस के रूट से कलेक्टर को अवगत कराया। राज्य प्रवर्तित योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जुलाई 2021 में धमतरी अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी का गठन किया गया है।
कलेक्टर इस सोसायटी के अध्यक्ष हैं। इसकी बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से रखी गई थी।
जरूरत के हिसाब से टेस्ट बढ़ाने निर्देश
सिटी डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालन पर चर्चा हुई। इसके लिए पहले 3 बार निविदा मंगाई जा चुकी है। कलेक्टर ने निगम के स्वामित्व के इतवारी बाजार परिसर के पहले तल में संचालित होने वाले सिटी डायग्नोस्टिक सेंटर के लिए सीएमएचओ डॉ. एसके मंडल को जल्द इच्छुक फर्मों को निविदा देने प्रेरित करने कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत संचालित मेडिकल मोबाइल यूनिट को लेकर चर्चा किया। कहा कि जरूरत के हिसाब से टेस्ट भी बढ़ाएं। उन्होंने टेस्ट का प्रतिशत 38 से बढ़ाकर 60 तक करने अधिकारियों को चेताया। चिकित्सक जेनेरिक दवा रेफर करें, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को दवा लेने में आर्थिक स्थिति बाधा ना बने। सोसाइटी के तहत विभिन्न योजनाओं के संचालन के लिए नवंबर 2021 से दिसंबर 2022 तक किए गए व्यय/भुगतान का अनुमोदन भी बैठक में किया गया।


