धमतरी
पुलिस ने जारी किया शिकायत नंबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 9 फरवरी। डीजे संचालक उच्च न्यायालय के आदेश का खुलेआम उल्लंघन कर रहे। रात 10 बजे के बाद भी नियम विपरीत कानफोड़ू आवाज में डीजे बजा रहे। साउंड सिस्टम संचालकों को कानूनी नियम का पाठ पढ़ाने 7 फरवरी को देर-रात डीएसपी ने बैठक ली। जनसंवाद कक्ष में संचालकों को चेताया कि नियम विपरीत पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने आम लोगों से शिकायत करने नंबर भी जारी किया।
डीएसपी मोहसिन खान ने कहा कि शहर के मैरिज पैलेस एवं गार्डनों में बड़ी संख्या में वैवाहिक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है, जिसमें संचालकों द्वारा यातायात को बाधित करते हुए मुख्य मार्ग में बारात निकालकर यातायात को बाधित किया जाता है। डीजे व धुमाल से निकलने वाले तीव्र ध्वनि के कारण आम नागरिक एवं आसपास के रहवासी भी परेशान है। पुलिस अधीक्षक धमतरी द्वारा पुलिस कंट्रोल रुम का जारी व्हाट्सएप नंबर 94791-92299 पर शिकायत कर सकते हैं, जिस पर तुरंत एक्शन होगी।
मोटरयन अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
वाहनों पर डीजे लादकर बजाते पकड़ाने पर संचालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। यह कार्रवाई यातायात पुलिस द्वारा किया जाएगा। साथ ही कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 11 (1) में दिए गए प्रावधानों के तहत किसी भी प्रकार के वाहनों पर तीव्र ध्वनि उत्पन्न करने वाले साउंड बॉक्स सजा एवं अर्थदंड लगेगा।


