धमतरी
धमतरी, 5 फरवरी। जिला अस्पताल में शनिवार को निशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया। जिसमें 118 लोगों की जांच हुई। जिसमें बच्चेदानी, मुख के 11 मरीज संदिग्ध मिले। साथ ही 2 पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा बीपी, शुगर के 30 मरीजों की जांच हुई। शिविर में सिविल सर्जन डॉ. एके टोंडर, डॉ. आभा हिशीकर नोडल एनसीडी, डॉ. राहुल सोनकर कीमो प्रभारी, डॉ. रागिनी ठाकुर, डॉ. हर्षा जिजकर, डॉ. पूजा चंद्राकर, नोमनारायण सिन्हा, टोकश्वरी उपस्थित थे।
6 जिले के कैंसर पीडि़त करा रहे इलाज
कीमोथेरेपी कराने में ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ता है। इसमें दवाई ही ज्यादा महंगी होती है। एक गोली की कीमत करीब 5 हजार तक होती है। जिला अस्पताल में 8 मार्च 2021 से कीमोथैरेपी वार्ड संचालित है। धमतरी के अलावा बालोद, कांकेर, गरियाबंद, महासमुंद, कोंडागांव, दुर्ग जैसे पड़ोसी जिले के कैंसर पीडि़त मरीज भी इलाज करा रहे है। निजी अस्पतालों में एक कीमो में 25 हजार तक खर्च होते है, लेकिन जिला अस्पताल में 10 रुपए की ओपीडी पर्ची में मुफ्त इलाज हो रहे है।
कैंसर एक ऐसा रोग है, जो किसी भी उम्र में हो सकता है। वैसे तो कैंसर के 100 से अधिक प्रकार हैं, लेकिन इनमें स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, ब्रेन कैंसर, बोन कैंसर, ब्लड कैंसर, पैंक्रियाटिक कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, गर्भाशय कैंसर, किडनी कैंसर, लंग कैंसर, त्वचा कैंसर, स्टमक कैंसर, थायराइड कैंसर, मुंह का कैंसर व गले का कैंसर सबसे प्रमुखों में से है।


