धमतरी

लक्ष्य से 2.73 लाख क्विंटल कम खरीदी, 3483 किसानों ने नहीं बेचा धान, धान बेचने एक दिन का समय
30-Jan-2023 4:01 PM
लक्ष्य से 2.73 लाख क्विंटल कम खरीदी, 3483 किसानों ने नहीं बेचा धान, धान बेचने एक दिन का समय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 30 जनवरी।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 1 दिन यानी 31 जनवरी को और होगी। मार्कफेड ने खरीदी का अनुमानित लक्ष्य 48 लाख क्विंटल रखा है। अब तक 45.27 लाख क्विंटल खरीदी हो चुकी है, जो रिकॉर्ड है। धान खरीदी की राशि 926 करोड़ 13 लाख रूपए है। लक्ष्य के मुकाबले करीब 2.73 लाख क्विंटल और धान की खरीदी होनी है। जिले में 121283 पंजीकृत किसानों में से 117800 किसानों ने धान बेचा है, जबकि 3483 किसान धान बेचने केंद्र नहीं आए है।

इन किसानों के पास अब 2 दिन का ही समय है। इसके बाद समर्थन मूल्य में धान की खरीदी बंद हो जाएगी। किसानों को धान बेचने के लिए मंडी जाना होगा। 220.83 करोड़ की हुई ऋण वसूली जिले में 1.17 लाख किसानों ने 926 करोड़ का धान बेचा है, जिसमें से किसानों को 705 करोड़ रूपए भुगतान किए गए। 220 करोड़ रूपए के ऋण वसूले गए। 60 हजार 637 किसानों ने 225 करोड़ 56 लाख का ऋण लिया था, जिसमें से अब तक 220 करोड़ 83 लाख 88 हजार 651 रूपए का ऋण वसूली ऑनलाइन लिंकिंग व नगद वसूली किया गया। अब भी 4.73 करोड़ रूपए की वसूली करनी बाकी है।

6 दिन में 1.58 लाख क्विंटल का उठाव
धान का उठाव धीमी गति से होने के कारण राईस मिलर्स को नोटिस जारी किया गए थे। जिले में 21 जनवरी की स्थिति में 3.70 लाख क्विंटल धान केंद्रों में जाम पड़ा था। नोटिस जारी होने के बाद उठाव में तेजी आई। 6 दिन में 1.58 लाख क्विंटल धान राइस मिलर्स ने उठाया। वर्तमान में 2.12 लाख क्विंटल केंद्रों में धान जाम है।


अन्य पोस्ट