धमतरी

जिले में पहली बार खरीदा गया 8.30 अरब का धान, 96 फीसदी किसानों ने बेचा धान
19-Jan-2023 2:28 PM
जिले में पहली बार खरीदा गया 8.30 अरब का धान, 96 फीसदी किसानों ने बेचा धान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 19 जनवरी।
जिले में पहली बार 8 अरब 30 करोड़ रुपए की लागत से अब तक धान खरीदा जा चुका हैं। धान खरीदी को अब महज 8 दिन और बच गया है। ऐसे में लक्ष्य पूरा करने के लिए करीब 5 लाख क्विंटल धान की खरीदी होना बाकी है। भूपेश सरकार ने किसानों के हित में इस साल धमतरी जिले में धान खरीदी का लक्ष्य बढ़ाकर 48 लाख क्विंटल कर दिया था।

बीते साल करीब 40 लाख क्विंटल धान खरीदा गया था। इस बार लक्ष्य बढ़ाने के साथ ही खरीदी की सीमा भी बढ़ाकर 3 महीने कर दिया हैं। बीते 14 जनवरी की स्थिति में जिले में कुल 43 लाख 53 हजार 14 हजार 880 क्विंटल धान खरीदा जा चुका हैं, जिसकी कीमत करीब 830 करोड़ रुपए है। सहकारिता सूत्रों के मुताबिक धमतरी जिले में इस साल धान बेचने के लिए कुल 1 लाख 21 हजार 269 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। इसमें से 1 लाख 16 हजार 294 किसानों ने अपना धान बेच दिया है। इस तरह अब धान बेचने के लिए पंजीकृत 4 हजार 975 किसान शेष रह गए हैं। इसमें कुरूद ब्लाक में 1160 किसान, धमतरी में 1127 किसान, नगरी में 1853 किसान तथा मगरलोड ब्लाक में मगरलोड 835 किसान धान बेचने के लिए रह गए हैं।

31  तक होगी खरीदी
जिले में 31 जनवरी तक धान खरीदी किया जाएगा। इस बीच तीज-त्यौहार, शासकीय अवकाश, शनिवार और रविवार घोषित अवकाश को छोडऩे के बाद धान खरीदी के लिए सिर्फ 8 दिन शेष बच गया है। करीब 5 लाख क्विंटल धान खरीदने की चुनौती हैं। जिले में अब तक 96 फीसदी किसानों ने धान बेच लिया है। ऐसी स्थिति में सिर्फ 4 फीसदी किसान ही बच गए। लेकिन धान खरीदी के अंतिम दिनों में जिस मात्रा में धान समितियों में पहुंच रहा है, उससे शायद ही खरीदी का लक्ष्य पूरा हो सकेगा।


अन्य पोस्ट