धमतरी
निजी व शासकीय कॉलेजों में परीक्षा को लेकर तैयारी हुई पूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 18 जनवरी। जिले के शासकीय व निजी कॉलेजों में मुख्य परीक्षा को लेकर तैयारी पूरी हो गई है। फरवरी के अंतिम सप्ताह और मार्च के प्रथम सप्ताह में परीक्षा आयोजित होने की संभावना है। हालांकि अभी यूनिवर्सिटी की ओर से स्पष्ट निर्देश नहीं आया है। ऐसे में ऑनलाइन आवेदन के बाद वर्तमान में कॉलेजों में छात्र-छात्राओं से हार्ड कॉपी जमा लिया जा रहा है।
करीब 2 साल के बाद इस साल कॉलेज की वार्षिक और मुख्य परीक्षा ऑफलाइन होगी। इसके लिए यूनिवर्सिटी ने आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत शासकीय व निजी स्कूलों में जनभागीदारी शुल्क के साथ हार्डकॉपी जमा लिया जा रहा है। पीजी कालेज के एक वरिष्ठ प्रोफेसर ने बताया कि इस साल परीक्षा में बेहतर परफॉर्मेंस के लिए कोर्स पूरा कराने के साथ ही छात्र-छात्राओं को विषयवार इसका रिवीजन भी कराया जा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त क्लास लगाकर छात्रों को नोट्स तैयार भी कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण सब्जेक्ट लेने वाले छात्रों को परीक्षा में शामिल होने के लिए हर हाल में पर्यावरण प्रोजेक्ट समय पर जमा कराना होगा। इसके साथ ही प्रायोगिक परीक्षा को लेकर भी तैयारी शुरू कर दिया गया है।
प्रबंधन तैयारी में जुटा
पिछले साल की तरह इस साल पीजी कालेज में करीब 7 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। रेगुलर छात्रों के अलावा प्राइवेट छात्रों के लिए भी यह कालेज पहली पसंद बनी हुई है। ऐसे में परीक्षा में छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रबंधन तैयारी में जुट गया है।


