धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 17 जनवरी। भेंट मुलाकात कार्यक्रम में बेलर पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कंचन साहू ने छत्तीसगढ़ संस्कृति की उनकी बनाई हुई तस्वीर भेंट की। जिसे देखकर मुख्यमंत्री ने कंचन साहू की पेंटिंग कला की प्रशंसा की, कंचन साहू नवागांव बेलर निवासी ने 9 वर्ष की उम्र से ही पेंटिंग बनाना शुरू किया था। अब तक 350 से अधिक पेंटिंग बना चुकी है। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, क्षेत्रीय विधायक डॉ.लक्ष्मी धु्रव, अभिनेत्री हेमा मालिनी एवं ख्याति प्राप्त हस्तियों की तस्वीर बना चुकी है। वहीं कंचन साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को उनकी बनाई हुई तस्वीर तेलिनसत्ती (धमतरी) में भेंट की थी, जिसे देखकर मुख्यमंत्री ने उनकी प्रशंसा की थी।
जिला साहू संघ तेलिन सत्ती धमतरी, तहसील साहू समाज नगरी सिहावा, छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ब्लॉक शाखा नगरी द्वारा उनकी कला प्रतिभा का सम्मान किया। कंचन साहू के पिता यशपाल साहू ने बताया कि बचपन से ही कागजों में पेंटिंग बनाने की कोशिश करती रही जो धीरे-धीरे कोरोनाकाल में कला के रूप में सामने आई एवं आज सफल होते दिख रही है। कंचन साहू ने बताया कि और बहुत सारे लोगों की तस्वीर बनाकर भेंट करने की इच्छा उसके मन में है।


