धमतरी

नगरी दुबराज की खेती, किसान माधुरीलाल सीएम के हाथों सम्मानित
17-Jan-2023 3:44 PM
नगरी दुबराज की खेती, किसान माधुरीलाल सीएम के हाथों सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 17 जनवरी।
नगरी ब्लॉक के फरसियां के किसान माधुरी लाल कश्यप रविवार को रायपुर में सम्मानित हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मान दिया। किसान माधुरी लाल के जैसे ही जिले के 180 किसान 180 एकड़ क्षेत्र में नगरी दुबराज की फसल ले रहे हैं।

दरअसल, नगरी दुबराज की खेती माधुरीलाल कश्यप कर रहे है। यह सुगंधित धान को जीआई टैग मिली है। किसान माधुरी लाल राज्य के उन 11 हितग्राहियों में सम्मिलित हैं, जिन्हें विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए स्पीक आउट रिइमेजिंग छत्तीसगढ़ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया है। रायपुर के निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मान मिला।

नगरी दुबराज धान की ये है खासियत
नगरी दुबराज से निकलने वाला चावल बहुत ही सुगंधित है। यह पूर्ण रूप से देशी किस्म है और इसके दाने छोटे हैं। इसका चावल पकने के बाद खाने में बेहद नरम है। एक एकड़ में अधिकतम 6 क्विंटल तक उपज मिलती है। धान की ऊंचाई कम और 125 दिन में पकने की अवधि है।

नगरी के किसानों को हो रहा यह फायदा
जीआई टैग मिलने का फायदा यह हुआ है कि नगरी दुबराज धान की किस्म को केवल नगरी के किसान ही उगा सकेंगे। कोई दूसरा इस टैग का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। यदि कोई करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। यहां के किसानों को व्यापारीकरण का एक विशेषाधिकार मिलने से विपणन भी आसान हो रहा है। जीआई टैग के लिए आवेदन धमतरी के बगरूमनाला गांव के मां दुर्गा स्व सहायता समूह की अध्यक्ष प्रेमबाई कुंजाम ने साल 2019 में किया था।

क्या होता है जीआइ टैग
भारत में संसद की तरफ से सन 1999 में रजिस्ट्रेशन एंड प्रोटेक्शन एक्ट के तहत ‘जियोग्राफिकल इंडिकेशंस ऑफ गुड्स’ लागू किया था। इस आधार पर भारत के किसी भी क्षेत्र में पाए जाने वाली विशिष्ट वस्तु का कानूनी अधिकार उस राज्य, व्यक्ति या संगठन इत्यादि को दे दिया जाता है। वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल प्रापर्टी ऑर्गनाइजेशन (विपो) के मुताबिक जियोग्राफिकल इंडिकेशन टैग एक प्रकार का लेवल होता है, जिसमें किसी खास फसल, प्राकृतिक या कृत्रिम निर्मित उत्पाद को विशेष भौगोलिक पहचान दी जाती है। यह बौद्धिक संपदा का अधिकार माना जाता है।
 


अन्य पोस्ट