धमतरी

ढाबा से खाना खाकर लौट रहे बैंक मैनेजर की दुर्घटना में मौत
08-Jan-2023 2:47 PM
ढाबा से खाना खाकर लौट रहे बैंक मैनेजर की दुर्घटना में मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 8 जनवरी।
ढाबा से खाना खाकर लौट रहे बैंक मैनेजर और उसका साथी दुर्घटना का शिकार हो गया। सोरिद पुल के पास बाइक के सामने अचानक ट्रक आ जाने से अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकराने से बैंक मैनेजर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक मुकेश पटेल (23) पिता कुलमणी निवासी दुमालपाठा सैनताला (ओडिशा) धमतरी में एक निजी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर पदस्थ था। शुक्रवार की रात 8 बजे वह अपने साथी नितिन साहू निवासी महात्मा गांधी वार्ड के साथ खाना खाने के लिए बस्तर रोड स्थित ढाबा गया था। रात साढ़े 10 बजे खाना खाकर अपनी बाइक से लौट रहा था कि तभी सोरिद पुल के पास अचानक उसकी बाइक के आगे ट्रक आ गया। ट्रक की तेज रौशनी पड़ते ही वह अनियंत्रित हो गया।

एसपी ने एंबुलेंस बुलाकर भेजा अस्पताल
बाइक को कंट्रोल करने की कोशिश की, लेकिन वह पुल की रेलिंग से जा टकराया। दुर्घटना की खबर पाते ही लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। एसपी प्रशांत ठाकुर भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। 108 एम्बुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। बैंक अधिकारी मुकेश के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे शहर के एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
 


अन्य पोस्ट