धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 4 जनवरी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम ढलने के अलावा दोपहर में भी लोगों को हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। यही वजह है कि कुछ लोग गर्म कपड़ों में भी दिखाई देने लगे हैं। आज सुबह वातावरण में धुंध देखने को मिली। धीरे-धीरे धुंध तो छंट गई, लेकिन इसके बाद दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे।
शहर के अलावा आसपास के देहात क्षेत्र में भी इसी प्रकार का मौसम बना रहा। बड़ी बात यह है कि पूरे दिन जिले में बादल छाए रहे, फिर भी जिले के तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई। जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग रायपुर के अनुसार क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से नमी पूर्वी हवाओं के आगमन के कारण सरगुजा और बिलासपुर संभागों के कई स्थानों पर कोहरे छाए रहे। इसके कारण 5 जनवरी को भी जिले में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। इसके बाद 5 जनवरी से कोहरे का असर कम हो जाएगा।
7 व 8 को बढ़ेगी ठंड
वरिष्ठ मौसम निदेशक एचपी चंद्रा के अनुसार 6 जनवरी से हवाओं की दिशा में परिवर्तन होने से ठंड बढ़ेगी। 7 व 8 जनवरी को जिले में रात के तापमान गिरावट आने की संभावना है। तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कड़ाके की ठंड पड़ेगी।


