धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 31 दिसंबर। वर्ष-2021 के हिसाब से एक ब्लैक स्पॉट और चार ग्रे-स्पॉट जिले में है। पिछले साल में सडक़ हादसों में मृत्यु की तुलना में इस साल 9.03 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2021 में 331 सडक़ दुर्घटनाओं में 166 लोगों की अकाल मौत हुई है, लेकिन इस साल यह संख्या घटकर 317 घायल हुए, जिसका आंकड़ा 336 रहा। इस साल 151 लोगों की मौत हुई है।
प्रभारी कलेक्टर प्रियंका महोबिया ने जल्द से जल्द इस साल हुए हादसों के हिसाब से ब्लैक और ग्रे स्पॉट चिन्हांकित करने के लिए कहा, ताकि जरूरी व्यवस्था की जा सके। इसमें रंबल स्ट्रिप, गति सीमा और चेतावनी बोर्ड समेत प्रकाश व्यवस्था आदि शामिल है। बैठक में बताया गया कि रुद्री रोड में स्थित एक निजी बाजार के दोनों ओर गति नियंत्रण के लिए रंबल स्ट्रिपर सूचना बोर्ड लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाया जाएगा। बैठक में नगर पालिक निगम धमतरी को आवागमन को सुगम करने के लिए प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कहा गया। इसके अलावा शहर में विभिन्न जगहों में यातायात को सुगम बनाने के लिए पार्किंग स्थल निर्धारण के लिए निगम और यातायात अमले को संयुक्त रूप से सर्वे करने के लिए कहा है। उन्होने कहा कि निगम को यह व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी कि त्योहार के समय में यातायात सुचारू रख सकें। व्यवसायियों की बैठक लेकर समझाइश देने, छोटे व्यवसायों और पसरा वालों के लिए व्यवसाय करने स्थल निर्धारण करने कहा गया।
परिवहन विभाग की ओर से जल्द ही ई-रिक्शा चलाने वालों को सुचारू यातायात संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भी निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के तहत आने वाले गांवों में प्रवेश के लिए क्रॉसिंग, मुख्य मार्ग में प्रकाश व्यवस्था, सहायक मार्ग में रंबल स्ट्रिप, सूचनात्मक और चेतावनी सूचक, रोड मार्किंग करने के लिए निर्देशित किया गया।


