धमतरी

राम हमारे आदर्श हैं - मंडावी
29-Dec-2022 3:12 PM
राम हमारे आदर्श हैं - मंडावी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 29 दिसंबर।
ग्राम बनरौद में दो दिवसीय मानस सम्मेलन का समापन कांकेर लोकसभा के सांसद मोहन मंडावी के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय मंत्री किसान मोर्चा एवं पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह के अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विशेष रूप से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जिला मंत्री राजेंद्र गोलछा, मंडल भाजपा के उपाध्यक्ष चंद्रकला साहू, कमल डागा, मोहन पुजारी, मंडल के उपाध्यक्ष हेमलाल ध्रुव, मंडल के मंत्री उत्तम साहू, महिला मोर्चा के अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत कुम्हड़ा के सरपंच ईश्वरी नेताम, महिला मोर्चा के स्थानीय समिति की अध्यक्ष निराशा बाई साहू उपस्थित रहे।

इस दौरान सांसद मोहन मंडावी ने मुख्य अतिथि के आसंदी से कहा कि भगवान राम हमारे आदर्श हैं। भगवान राम को मानने वाले को कभी कोई कष्ट नहीं होता जो भगवान राम को मानता है उसके घर में सुख समृद्धि बनी रहती है। हमें आपसी भाईचारा के साथ रहना चाहिए। हम सभी जाति धर्म के लोग को लेकर चलने वाले लोग हैं। जिस गांव में मानस सम्मेलन होता है उस गांव में भी हमेशा सुख समृद्धि बनी रहती है। आप लोग इस मानस सम्मेलन को लगातार आगे बढ़ाते रहें। सांसद मोहन मंडावी ने कहा कि जब आप अपनी बेटी को ससुराल विदा करते हैं तो उसे एक रामायण अवश्य दें। ताकि वह अपने ससुराल में जाकर धर्म और संस्कृति से जुड़ी रहे।

भगवान राम की कथा से हमको बहुत कुछ सीखने को मिलता है। हम अपने बच्चों में इस राम कथा के माध्यम से संस्कार देने का प्रयास करें। सांसद मोहन मंडावी ने इस दौरान हारमोनियम बजाकर के रामकथा का गुणगान किया उनके इस भजन से ग्राम बनरौद मानस गान कार्यक्रम में उपस्थित सभी श्रोता गण झूम उठे।
 


अन्य पोस्ट