धमतरी

25 सौ लीटर गौमूत्र से बनाए 709 लीटर दवा, 64 हजार की हुई आय
28-Dec-2022 6:41 PM
25 सौ लीटर गौमूत्र से बनाए 709 लीटर दवा, 64 हजार की हुई आय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी,28 दिसंबर। गोधन न्याय योजना के तहत जिले में गोबर की खरीदी, खाद निर्माण, पैरादान की समीक्षा करने जिपं सीईओ व प्रभारी कलेक्टर प्रियंका महोबिया ने कृषि व संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली।

इस दौरान बताया गया कि जिले के गौठानों में अब तक 6 हजार 515 टन पैरा प्राप्त हुआ है। ग्राम भटगांव और सारंगपुरी गौठान में लगभग 2500 लीटर गोमूत्र खरीदा गया, जिसका मूल्य 10 हजार रुपए से अधिक है। इससे 709 लीटर कीट नियंत्रक तैयार कर समितियों को 35 हजार 450 रूपए की आय हुई, जबकि 723 लीटर वृद्धि वर्धक दवा तैयार कर किसानों को बेचे, जिसमें 29 हजार रुपए का लाभ समितियों को हुआ। उप संचालक कृषि ने बताया कि वर्तमान में जिले में 348 सक्रिय गौठान हैं, जिनमें 340 ग्रामीण क्षेत्रों में और 8 शहरी क्षेत्रों में हैं। अब तक कुल 4 लाख 78 हजार 594 क्विंटल गोबर की खरीदी हुई, जिसमें से 3 लाख 99 हजार 228 क्विंटल गोबर से 87 हजार 872 क्विंटल वर्मी खाद बनाया गया। 63 हजार 616 क्विंटल बेचा गया।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार सुबह 10 बजे आयोजित बैठक में सीईओ ने कहा कि पैरादान के लिए ग्रामीणों को लगातार प्रेरित करें और इसके लिए सभी ब्लॉक में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सतत प्रचार-प्रसार करने के लिए अपने मैदानी अमले को निर्देशित करें।

उन्होंने गोबर खरीदी की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के सभी सक्रिय गौठानों में गोबर खरीदी जारी रहनी चाहिए, किसी भी स्थिति में गोबर की खरीदी बंद नहीं होने चाहिए। विशेष तौर पर नगरीय निकायों में कन्वर्जन रेट कम आने पर उन्होंने कृषि विभाग के उच्चाधिकारियों को गौठानों में जाकर वस्तुस्थिति से अवगत होने और किसी प्रकार की समस्या आने पर उनका समाधान करने कहा।


अन्य पोस्ट