धमतरी

नए साल पर गंगरेल में भीड़ उमडऩे की संभावना, ट्रैफिक पुलिस ने 7 जगह बनाया पार्किंग स्थल
27-Dec-2022 7:11 PM
नए साल पर गंगरेल में भीड़ उमडऩे की संभावना, ट्रैफिक पुलिस ने 7 जगह बनाया पार्किंग स्थल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 27 दिसंबर। साल 2023 की शुरूआत रविवार सरकारी छुट्टी के दिन से होगा। सरकारी छुट्टी होने से पर्यटन स्थानों पर पर्यटकों की खूब भीड़ उमडऩे की संभावना है। हफ्तेभर पहले ही ट्रैफिक पुलिस ने गंगरेल में भीड़ और पार्किंग व्यवस्था करने रूट प्लान बना लिया, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था न बिगड़े। वहीं साल के अंतिम रविवार 25 दिसंबर को पर्यटकों की खूब भी गंगरेल में रही। साल 2022 का अंतिम दिन शनिवार व नए साल 2023 की शुरूआत रविवार से होगा। दोनों दिन सरकारी छुट्टी होने से पर्यटकों की भीड़ उमडऩे की संभावना है।

पुलिस विभाग के मुताबिक रायपुर की ओर से आने वाले पर्यटक अंबेडकर चौक से होकर गोकुलपुर चौक, लक्ष्मी निवास, कर्मा चौक, कलेक्टोरेट तिराहा, रूद्री चौक से गंगरेल की ओर आएंगे। नगरी, बोरई की ओर से आने वाले पर्यटक दानीटोला, नहर नाका बाईपास से होकर रूद्री चौक से गंगरेल की ओर आएंगे। साथ ही कांकेर की ओर से आने वाले पर्यटक पुरूर से, शांतिपुर, सोरम से भटगांव होकर खिडक़ी टोला, डांगीमाचा से गंगरेल आएंगे।

31 दिसंबर व 1 जनवरी को रहेगा नियम लागू

ट्रैफिक प्रभारी केदेव राजू ने बताया कि गंगरेल के लिए 7 जगह पार्किंग स्थल बनाए है। यह नियम 31 दिसंबर और 1 जनवरी को लागू रहेगा। पर्यटकों की भीड़ अत्यधिक होने से मार्ग को वन-वे किया जाएगा। पर्यटक गंगरेल बांध पहुंचने के बाद वापस जाने के लिए मानव वन से डांगीमाचा, डांगीमाचा चौक से दाहिने- भटगांव होते हुए गोकुलपुर चौक निकल कर आगे जाएंगे।

इन 7 जगहों पर बना पार्किंग स्थल

- वर्कशॉप चारपहिया सहित अन्य गाडिय़ां पार्क होगी।

- पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र में चार पहिया व अन्य वाहन पार्किंग।

- ग्रीन एडवेंचर रिसार्ट के पास बाइक पार्किंग।

- शीतला मंदिर के पास पुलिस चौकी के पीछे बाइक पार्किंग।

- मोटल जाने के सामने चार पहिया सहित अन्य वाहनों की पार्किंग रहेगा।

- मानव वन के आगे ओपन एरिया में चार पहिया सहित अन्य वाहन पार्किंग।

- मां अंगारमोती मंदिर के प्रवेश द्वार के पास खाली जगह पर चारपहिया व अन्य वाहन पार्किंग होगा।


अन्य पोस्ट