धमतरी

जयंती पर कुरुद में लगी अटलजी की प्रतिमा
25-Dec-2022 4:47 PM
जयंती पर कुरुद में लगी अटलजी की प्रतिमा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कुरुद, 25 दिसंबर। पांच करोड़ से अधिक की लागत से तैयार स्टेडियम में आज विधायक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा का अनावरण कर पांच साल पहले हुए नामकरण को सार्थक किया। नेता प्रतिपक्ष की पहल पर हुऐ इस पुनीत कार्य के भाजप कांग्रेस के लोगों के अलावा व्यापारी एवं गनमान्य जन गवाह बने ।

नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 में भाजपा शासन काल में करीब पांच करोड़ से अधिक की लागत से एक सर्व सुविधायुक्त स्टेडियम का निर्माण कराया गया था। लेकिन तत्कालीन जिम्मेदार पदाधिकारियों ने इसका नामकरण अटल बिहारी स्टेडियम के तौर पर कर तो दिया पर उनकी अदद मूर्ति नहीं लगवाईं । अपने ही लोगों से हुई इस चूक को ठीक करने नेता प्रतिपक्ष भानु चंद्राकर ने पार्षद निधि से पूर्व प्रधानमंत्री श्री बाजपेई की प्रतिमा लगवा, उनकी जयंती के दिन 25 दिसंबर को इसके अनावरण के लिए भाजपा विधायक अजय चन्द्राकर, कांग्रेसी नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर को एक साथ आमंत्रित किया। 

पूर्व मंत्री श्री चन्द्राकर ने अपने गृह वार्ड के पार्षद की इस पहल का स्वागत करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। नपं अध्यक्ष तपन चंद्राकर ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के प्रतिमा अनावरण जैसे गरिमामय आयोजन में खुद को आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। नपं सभापति मनीष साहू का कहना था कि भारत रत्न अटल जी दलगत विचारधारा से ऊपर के व्यक्तित्व थे मेरे वार्ड में उनकी प्रतिमा लगना गौरव का विषय है। आयोजक भानु चंद्राकर ने अतिथियों एवं गनमान्य जनों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम पश्चात टी टाइम में हल्की फुल्की चर्चा में विधायक श्री चन्द्राकर ने एक कांग्रेसी पार्षद की जमकर तारीफ करते हुए नपं अध्यक्ष को कहा कि मैं चाहूं तो भूपेश सरकार के किसी भी मंत्री से विकास के लिए मनचाहा धन ला सकता हूं। जिस पर अध्यक्ष ने कहा अब तक क्यों नहीं लाएं, आपको किसने रोका ? नगर में सालों से चल रही काली आंधी पर उनकी चुप्पी को लेकर उठाये अध्यक्ष के सवाल पर विधायक मात्र मुस्कुरा कर रह गए।
 इस अवसर पर सीएमओ दीपक खाड़े, मंडल अध्यक्ष कुलेश्वर चंद्राकर, निरंजन सिन्हा, अनिल चन्द्राकर, सुनील अग्रवाल, हरिशंकर सोनवानी, रविकान्त चन्द्राकर, मोहन अग्रवाल, कृष्णकांत साहु, मुलचंद सिन्हा, जितेंद्र अग्रवाल, योगेन्द्र सिन्हा, सुनील चन्द्राकर, भारत साहु, प्रभात बैस, सत्यम चन्द्राकर,भूपेन्द्र सिन्हा,नोहेन्द यादव आदि उपस्थित थे।

 


अन्य पोस्ट