धमतरी

उपचुनाव: 26 को पुनर्निरीक्षण के बाद होगी नाम वापसी
25-Dec-2022 4:46 PM
उपचुनाव: 26 को पुनर्निरीक्षण  के बाद होगी नाम वापसी

पंच-सरपंच और पार्षद पद के एक-एक नामांकन निरस्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
धमतरी, 25 दिसंबर।
जिले में पार्षद, सरपंच और पंचों के रिक्त पदों के लिए मिले नामांकन पत्रों की संवीक्षा शनिवार को हुुई, जिसमें सरपंच के लिए मिले एक, पंच के एक तथा पार्षद पद के लिए भरे गए एक आवेदन निरस्त हो गया। हालांकि सभी ने पुनर्निरीक्षण की मांग की है, जिस पर सोमवार को निर्णय लिया जाएगा।
जिले में कुल 30 पंचों, 3 सरपंच तथा 2 पार्षद पद के लिए उप-चुनाव होना है। निर्वाचन शाखा के मुताबिक जिले में 30 पंचों के लिए कुल 46 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन फार्म जमा कराया है। इसमें शनिवार को हुई संवीक्षा के दौरान कुरूद ब्लाक में एक पंच पद के अभ्यर्थी का नामांकन निरस्त हो गया। इसके बाद 45 अभ्यर्थी बचे है। इसी तरह जिले में 3 सरपंच का पद भी रिक्त हैं। इसमें कुरूद ब्लाक के ग्राम सिलघट में जिस वर्ग के लिए पद आरक्षित है, उस वर्ग का एक भी मतदाता नहीं होने के कारण यह पद इस बार भी रिक्त रह जाएगा। 2 सरपंचों के लिए कुल 3 नामांकन आया है। सिलघट के लिए भी नामांकन नहीं आया। इसमें कुरूद ब्लाक के ग्राम कुम्हारी के लिए मिले एक नामांकन निरस्त हो गया। इसी तरह ग्राम बोरझरा में पंच के लिए दो अभ्यर्थियों ने नामांकन जमा किया था, इसमें से एक अभ्यर्थी का नामांकन निरस्त हो गया। इस तरह जिन अभ्यर्थियों का नामांकन निरस्त हुआ हैं, उसने पुनर्निरीक्षण की मांग की है, जिस पर सोमवार को सुनवाई होगी।
पार्षद के लिए मिले थे 3-3 आवेदन
नगर पंचायत आमदी में 2 पार्षदों के लिए उप-चुनाव होगा। इसमें वार्ड क्रमांक-2 और वार्ड क्रमांक-9 के लिए 3-3 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। इसमें से एक अभ्यर्थी का नामांकन निरस्त हो गया। इस तरह वार्ड क्रमांक-2 में 2 नामांकन तथा वार्ड क्रमांक-9 में 3 अभ्यर्थियों के नामांकन संवीक्षा के बाद बच गए है। सोमवार को होने वाली पुर्ननिरीक्षण के बाद दोपहर तक नाम वापसी होगी।

 


अन्य पोस्ट