धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 24 दिसंबर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 31 जनवरी 2023 तक होगी। कुल 64 दिन धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों को समय मिल रहा है।
खाद्य अधिकारी बीके कोर्राम ने बताया कि वर्ष 2022-23 में जिले के एक लाख 21 हजार 279 पंजीकृत किसानों में से समर्थन मूल्य पर अब तक एक लाख तीन हजार 494 किसानों द्वारा धान विक्रय किया जा चुका है।
जिले में इस साल धान खरीदी के लिए अनुमानित 4 लाख 63 हजार 460 मीट्रिक टन धान उपार्जन किया जाएगा, जिसके विरूद्ध 38 कार्यदिवस में तीन लाख 51 हजार 68 मीट्रिक टन (76 प्रतिशत) धान की खरीदी की जा चुकी है। अब धान खरीदी के लिए 25 कार्यदिवस शेष रह गए है। बताया गया है कि जिले के कुल 98 उपार्जन केन्द्र में गत वर्ष की तुलना में अब तक अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है।
ऐसे उपार्जन केन्द्रों में उपार्जित धान का उठाव और शेष बचे किसानों से सुगमतापूर्वक धान की खरीदी करने की दृष्टि से वर्तमान में टोकन जारी के लिए आगामी 5 दिनों तक रोक लगाई गई है, किन्तु जिन किसानों को टोकन जारी हो चुका है, ऐसे किसानों की धान खरीदी जारी रहेगी।


