धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 दिसंबर। कांग्रेस-भाजपा ने पार्षद के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। धमतरी जिले में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 9 जनवरी को मतदान होगा। नगर पंचायत आमदी में वार्ड 2 और 9 में पार्षद पद के लिए उप-चुनाव होगा।
जिले में 3 सरपंच और 29 पंचों के लिए चुनाव होना। इसमें सिलघट में सरपंच पद का चुनाव इस बार भी स्थगित हो जाएगा, क्योंकि यहां निर्वाचन आयोग ने अजा मुक्त वर्ग के लिए सरपंच का पद आरक्षित किया है, उस वर्ग का गांव में एक भी मतदाता नहीं है। इसके लिए इस बार भी यहां चुनाव नहीं हो पाएगा। गुरुवार को जनपद पंचायत धमतरी में ग्राम पंचायत डोमा से पंच के लिए आवेदन लेने के लिए लोग पहुंचे थे।
यहां वार्ड-14 में पंच पद के लिए नागेन्द्र मरकाम तथा वार्ड -15 से पंच का चुनाव लडऩे के लिए सरजू राम ने नामांकन पत्र खरीदा। बताया गया है कि धमतरी जनपद में अब तक ग्राम पंचायत परेवाडीह में वार्ड-9 में पंच पद के लिए बुधवार को चंपालाल पिता अमरू राम साहू ने नामांकन भरा है। नामांकन दाखिल करने के लिए शुक्रवार को अंतिम दिन हैं, इसलिए दिन नामांकन पत्र भरने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचेंगे। निर्वाचन शाखा के अधिकारी दीपक ठाकुर, लालचंद दिलीप, लक्ष्मण सिंह, विमल जैन ने बताया कि धमतरी ब्लाक में कुल 7 ग्राम पंचायतों में उप-चुनाव होना है। इसमें ग्राम पंचायत डोमा में कुल 13 पंचों के लिए चुनाव होगा। श्यामतराई, पोटियाडीह, लिमतरा, श्यामतराई में उपचुनाव होगा।
ये होंगे प्रत्याशी
नगर पंचायत आमदी में पार्षद पद के चुनाव के लिए यहां की राजनीति गरमा गई हैं। यहां कांग्रेस ने वार्ड -2 में अनीता ध्रुव को उम्मीदवार बनाया है, वहीं वार्ड -9 में सतिया पाड़े उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने वार्ड -2 में जागेश्वर ध्रुव तथा वार्ड -9 में सुनीता साहू को उम्मीदवार बनाया है। दोनों ही दल अंतिम दिन नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगे। इसकी पार्टी स्तर पर तैयारी कर ली गई है।


