धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 13 दिसंबर। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक सावित्री मंडावी ने जीत के बाद कोटेश्वर धाम पहुंचकर कोटेश्वर महादेव की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश एवं भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्रवासियों की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
विदित हो कि कोटेश्वर धाम दिवंगत पूर्व विधायक मनोज मंडावी की परम आस्था का केंद्र रहा है। वे सपरिवार अक्सर यहां आया करते थे।
श्रीमती मंडावी के आगमन की जानकारी मिलने पर सिहावा विधायक डॉ.लक्ष्मी ध्रुव के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी के अध्यक्ष भूषण साहू द्वारा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं जितेंद्र धु्रव, टिकेश्वर धु्रव, वीरेंद्र निर्मलकर, सरपंच संघ के सचिव मुनेश्वर धु्रव एवं रुपेश साहू को अगुवानी के लिए कोटेश्वर धाम भेजा था।
सावित्री मंडावी के आगमन पर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सौजन्य मुलाकात कर सिहावा विधानसभा क्षेत्रवासियों की ओर से जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।


