धमतरी

पानी की मांग, कुरुद विधायक उतरे सडक़ पर, हाइवे पर घंटों चक्काजाम
13-Dec-2022 3:07 PM
पानी की मांग, कुरुद विधायक उतरे सडक़ पर, हाइवे पर घंटों चक्काजाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 13 दिसंबर।
धमतरी जिले के चारों बाँध में लबालब पानी होने के बावजूद किसानों को रबी फसल के लिए पानी नहीं देने के विरोध में कुरुद विधायक की अगुवाई में सैकड़ों भाजपाईयों ने नेशनल हाइवे पर घंटों चक्काजाम किया।
 मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एनएच थर्टी में सांधा चौक के पास कुरुद विधायक अजय चन्द्राकर के नेतृत्व में कुरुद विधानसभा के सैकड़ों कार्यकर्ता सडक़ पर बैठ चक्काजाम कर दिया।  कुरूद के अलावा धमतरी, भखारा, मगरलोड, नगरी से आए भाजपा नेता पानी बिजली, कानून व्यवस्था के लिए भूपेश सरकार पर हमला बोलते रहे।

कार्यक्रम के संयोजक भानु चंद्राकर ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए बताया कि अहंकारी सरकार की करतूतों को उजागर करने हम सडक़ पर उतरे हैं।
वरिष्ठ नेता कमलेश ठोकने का कहना है कि बांधों की स्थिति देख हमें भरोसा था कि सरकार रबि फसल के लिए पानी देगी, लेकिन कांग्रेस सरकार को किसानों की चिंता नहीं है, इसलिए हमें मैदान में आना पड़ा। दोपहर 2 बजे समाचार लिखे जाने तक नेताओं का भाषण जारी था।

टीआई प्रणाली वैध ने बताया कि धमतरी की ओर से आने वाले वाहनों को चर्रा होते हुए कुरुद बायपास मार्ग से आगे बढ़ाया जा रहा है। रायपुर की ओर से आने वाले यात्रियों को भी इस रास्ते से भेजा जा रहा है।
इस मामले में टिप्पणी करते हुए कांग्रेसी नेता नीलम चन्द्राकर ने इसे भाजपा की नौटंकी करार देते हुए कहा कि केबिनेट मंत्री रहे कुरूद विधायक को सरकार के फैसले कैसे होते हैं इसकी जानकारी अच्छे से पता है। जब अधिकांश किसान खेतों में दलहन तिलहन की बोवाई कर चुके हैं, तब वे अपनी राजनीति चमकाने पानी मांग रहे हैं।


अन्य पोस्ट