धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 11 दिसंबर। प्रधानमंत्री आवास को लेकर भाजपा एक बड़ा आंदोलन करेंगी। इस संबंध में गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। जिसमें जिलेभर के प्रमुख पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं मोर्चा प्रकोष्ठ के प्रमुख उपस्थित रहे। तय हुआ कि 12 जनवरी 2023 को जिला स्तर पर आंदोलन होगा। पदयात्रा भी निकलेगी।
जिलाध्यक्ष शशि पवार ने कहा कि भूपेश सरकार प्रदेश के करीब 12 लाख परिवारों को स्वयं के पक्के मकान से वंचित रखने की दोषी है। उन्होंने बताया कि मोर आवास मोर अधिकार को लेकर मंडल बैठक 9 से 11 दिसंबर तक और पंचायत स्तर पर 15 दिसंबर तक बैठक होगी। सभी पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास से वंचित पात्र हितग्राहियों की एक सभा होगी, जिसके लिए पंचायत स्तर पर प्रभारी तथा वक्ता नियुक्त किए जाएंगे। पीएम आवास को लेकर ऑडियो व वीडियो संदेश, सोशल मीडिया, हैशटैग अभियान, प्रेसवार्ता, बैनर, होर्डिंग एवं वॉल राइटिंग कराई जाएगी। पात्र हितग्राहियों से पीएम आवास के लिए मांग पत्र भरवाया जाएगा।
21 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच होगा प्रदर्शन
पंचायत स्तर पर कार्यक्रम संपन्न होने के बाद 21 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच विधानसभा स्तर पर पदयात्रा एवं घेराव होगा। पदयात्रा कम से कम 40 किमी की होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में 2 दिवस तक यह पदयात्रा चलेंगी। रास्ते में पढऩे वाले सभी गांव में नुक्कड़ सभा आयोजित की जाएगी। पदयात्रा के समापन बाद कांग्रेसी विधायक, कलेक्टर, एसडीएम या तहसील कार्यालय का घेराव किया जाएगा। 10 जनवरी को जिला स्तर पर प्रदर्शन होगा। प्रत्येक विधानसभा से 101 पात्र हितग्राहियों के द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा। 20 जनवरी को दुर्ग में आवास अधिकार रैली आयोजित होगी, जिसमें प्रदेशभर के एकत्रित मांग पत्र को हितग्राहियों के साथ शासन को सौंपा जाएगा।


