धमतरी

अवैध रेत खुदाई, थाने में शिकायत
21-Nov-2022 3:27 PM
अवैध रेत खुदाई, थाने में शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 21 नवंबर।
कोलियारी-खरेंगा जर्जर सडक़ निर्माण की मांग को लेकर पिछले 4 दिनों से धरने पर बैठे आंदोलनकारियों ने परसुली में अनेक हाइवा को पकड़ा है। महानदी से रेत भरकर जा रहे इन हाइवा वाहनों के पास जो पिटपास हैं, वह चार महीने पुरानी हैं। अर्जुनी थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

करेठा से लेकर कोलियारी, अमेठी, परसुली, कलातराई, खरेंगा, देवपुर, दोनर, झुरातराई तक महानदी में इन दिनों धड़ल्ले से रेत की चोरी हो रही है। परसुली में ऐसे ही करीब 10 हाइवा वाहनों को आंदोलनकारियों ने रोका है। अर्जुनी थाने में इसकी शिकायत करते हुए सडक़ संघर्ष समिति के प्रमुख दयाराम साहू ने बताया कि परसुली में रोके गए हाइवा वाहनों में पुराने पिटपास से रेत का परिवहन किया जा रहा था। ग्रामीणों ने वाहनों को रोककर जब जांच की, तो यह पिटपास चार महीना पुराना निकला।  उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के सख्त प्रतिबंध के बावजूद यहां महानदी में चैन माउंटेन मशीन खड़ा हुआ है। कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी।
 


अन्य पोस्ट