धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 नवंबर। सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित होकर युवा कांग्रेस द्वारा कुरुद विधानसभा में शुरू की गई। नफरत छोड़ो भारत जोड़ो यात्रा में विस युकां अध्यक्ष देवव्रत साहू के साथ शामिल दो दर्जन से अधिक यात्री करीब सवा सौ किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर कल शाम कुरुद पहुंचे। जहां पार्टी नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
गुरुवार को पुराना बाजार चौक में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रहलाद चन्द्राकर, भरत नाहर, नीलम चन्द्राकर, कांति सोनवानी, तपन चंद्राकर, राजकुमारी दीवान, रमेशर साहू, आशीष शर्मा ने युवा कांग्रेस की इस पहल का स्वागत करते हुए शामिल यात्रियों का अभिनंदन किया।
भारतीय युवा कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता संजीव शुक्ला ने कुरुद विधानसभा में मगरलोड, भखारा एवं कुरुद ब्लाक के विभिन्न गांवों तक की गई भारत जोड़ो 100 किमी से अधिक की पदयात्रा को आज की जरूरत बताते हुए युवा साथियों को बधाई दी।
इस मौके पर यात्रा का नेतृत्व कर रहे युकां अध्यक्ष देवव्रत साहू ने बताया कि 12 नवंबर को सेलद्वीप से शुरू यात्रा 17 नवंबर को कातलबोड से खैरा ,कोकड़ी, चर्रा होते हुए कुरूद पहुंची है।
इस दरम्यान क्षेत्र के निर्वाचित, मनोनीत जनप्रतिनिधि, संगठन से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार जताया है।
इस अवसर पर कुरूद विधानसभा युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कांग्रेस जन उपस्थित थे।।


